
भोपाल। मध्य प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्माया हुआ है। साथ ही बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों में प्रत्याशी चयन की तैयारी तेज हो गई है और लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। वहीं गुरुवार को बीजेपी ने बैठक आयोजित कर चुनाव के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की। सीएम शिवराज ने कहा कि कल 10 जून से ‘बूथ विजय’ संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: MP Nagar Nigam Elections 2022 : ओवैसी की पार्टी MP में लड़ेगी निकाय चुनाव, इन 7 शहरों में उतारेगी प्रत्याशी
बूथ विजय का संकल्प लेंगे : सीएम
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में विजय के लिए बीजेपी ने शंखनाद कर दिया है। कल 10 जून को औपचारिक रूप से भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्तागण प्रदेश के सभी मतदान बूथ पर जाकर ‘बूथ विजय’ का संकल्प लेंगे। यह संकल्प प्रदेश के विकास, गांवों के विकास, नगरों के विकास के साथ जनकल्याण के लिए होगा। मैं स्वयं भोपाल में एक बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ संकल्प लूंगा।
हितग्राहियों से करेंगे संपर्क : प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि ‘जीतेंगे बूथ – जीतेगी भाजपा’ संकल्प के साथ कल मुख्यमंत्री शिवराज चौहान समेत सभी पदाधिकारी व कार्यकर्तागण मध्य प्रदेश के बूथों पर पहुंचकर बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और भाजपा सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क करेंगे। बूथ विजय का संकल्प दिलाएंगे। मैं भी कल भोपाल में एक बूथ पर जाकर हितग्राहियों से मिलूंगा।
भाजपा में प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ता : प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी यह अच्छी तरह से जानते हैं कि गाड़ी में बैठकर जनसंपर्क और भाजपा द्वारा संचालित हर बूथ पर जाकर जनसंपर्क में कितना फर्क हैं। बीते उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत इसका प्रमाण है। उन्होंने भाजपा में संगठन चुनाव लड़ता है प्रत्याशी नहीं लड़ता। यहां सामूहिकता के आधार पर निर्णय होते हैं, यही कारण है भाजपा ऐतिहासिक मतों से विजय होती है।