शिवपुरी। यहां के खनियाधाना थाना क्षेत्र में एक महिला को जला कर मारे की कोशिश करने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने उसे जला कर मारने की कोशिश की लेकिन जब वह बच गई तो उसे लाठियों से पीटा। बचने के लिए महिला को चार किलोमीटर भागना पड़ा। महिला का पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता था और दूसरी शादी की धमकी भी देता था।
पीड़िता अनामिका (बदला हुआ नाम) के पिता का कहना है कि आरोपी पति कुलवंत व ससुराल वालों ने जिंदा जलाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। जब कुलवंत का अनामिका को आग लगाकर भी मन नहीं भरा तो उसने अनामिका को लाठियों से पीटा भी था। वह जान बचाने के लिए जली हुई अवस्था में करीब 4 किमी तक भागी।
तुम चली जाओ तो कर लूंगा दूसरी शादी
अनामिका को शक है कि उसके पति के किसी और महिला से भी संबंध हैं। वह कहता रहता था कि अगर तू मेरे घर से निकल जाए तो मैं दूसरी शादी कर लूंगा। शायद इसीलिए पति ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की।
दहेज के लिए करता था परेशान
अनामिका के पिता के अनुसार वह बहुत गरीब परिवार से हैं। अनामिका की शादी में वो ज्यादा दहेज नहीं दे सके थे। कुलवंत भी इससे नाराज रहता था। भारती के अनुसार कुलवंत उसे पिता के घर से पैसा लाने के लिए प्रताड़ित करता था। पिता का कहना है कि पिछले साल ही उसने दामाद को एक फ्रिज दिया था।