
इंदौर। क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के पालदा क्षेत्र स्थित अवैध मुनक्का फैक्ट्री पर गुरुवार को छापामार कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 40 किलो भांग सहित कई उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि अवैध तरीके से शहर के कई इलाकों में अवैध भांग ले जाकर मुनक्का बनाई जा रही है, जिसकी सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को पकड़ा है।
भांग और मशीन जब्त
एडिशनल डीसीपी गुरु पाराशर के अनुसार, क्राइम ब्रांच इंदौर को सूचना मिली थी कि पालदा क्षेत्र में अवैध रूप से भांग लाकर मुनक्का बनाई जा रही है, जो कि शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जा रही है। छापामार कार्रवाई में दो आरोपी प्रेमचंद और अरुण को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं दोनों आरोपियों के पास से 40 किलो भांग, फैक्ट्री में मुनक्का बनाने की मशीन को भी जब्त किया है।
फैक्ट्रियों के लाइसेंस निरस्त हैं
शहर में मुनक्का फैक्ट्रियों के लाइसेंस निरस्त होने के बाद कई जगह शहर में अवैध रूप से मुनक्का बनाए जाने की लगातार सूचना मिल रही थी। जिसके बाद बुधवार रात भंवरकुआं क्षेत्र के पालदा इलाके में क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की है।