ताजा खबरबॉलीवुडमनोरंजन

पंचतत्व में विलीन हुए पंकज उधास, राजकीय सम्मान के साथ गजल गायक को दी अंतिम विदाई, कई सेलिब्रिटीज रहे मौजूद

एंटरटेनमेंट डेस्क। मशहूर गजल गायक पंकज उधास मंगलवार को शाम को पंचतत्व में विलीन हुए। मुंबई के वर्ली के हिन्दू क्रिमेटोरियम में राजकीय सम्मान के साथ पंकज उधास का अंतिम संस्कार किया गया। मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर मुंबई में उनके घर पर लाया गया। पंकज उधास के अंतिम दर्शन करने बॉलीवुड के कई सितारे उनके घर पहुंचे। विद्या बालन से लेकर सिंगर शंकर महादेवन, जाकिर हुसैन, सिंगर शान, भजन सम्राट अनूप जलोटा, सोनू निगम और पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर समेत कई एक्टर्स ने नम आंखों से पद्मश्री विजेता को अंतिम विदाई दी।

राजकीय सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार

पद्मश्री पंकज उधास का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। तिरंगे में लिपटे पंकज को बैंड-बाजे के साथ सलामी दी गई। साथ ही गन सैल्यूट भी किया गया। वहीं, पंकज उधास की पत्नी फरीदा और उनकी बेटियां रीवा-नायाब का रो-रोकर बुरा हाल है।

बेटी ने दी थी गायक के निधन की जानकारी

मशहूर गजल गायक पंकज उधास का बीते दिन निधन हो गया है। उन्होंने 72 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बेटी नायाब उधास ने सिंगर के मौत की जानकारी दी थी। वे कुछ समय से मुंबई के ब्रीच क्रैंडी अस्पताल में भर्ती थे। इसी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली।

पंकज उधास का करियर

जमींदार घराने में पैदा हुए पंकज उधास ने अपने करियर में कई सदाबहार गजलें गाई। उनकी बेहतरीन गीतों और गजलों में ना कजरे की धार, आहिस्ता-आहिस्ता, भला क्या मांगू, आज फिर तुमपे जैसे गीत शामिल हैं। पंकज संजय दत्त स्टारर सॉन्ग चिट्ठी आई है से मशहूर हुए थे।

ये भी पढ़ें- चली गई ग़ज़ल की आवाज़… नहीं रहे मशहूर गायक पंकज उधास, लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे; बेटी नायाब ने की पुष्टी

संबंधित खबरें...

Back to top button