राष्ट्रीय

Gujarat Wall Collapse: मोरबी में दर्दनाक हादसा, नमक फैक्ट्री की दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत

गुजरात के मोरबी में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि कई मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों और घायलों को जेसीबी मशीन की मदद से निकाला गया। जानकारी के मुताबिक, दीवार के मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए थे। घायलों में कईयों की हालत गंभीर होने के चलते मृतकों की संख्या में इजाफा होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे के समय बच्चे भी थे मौजूद

जानकारी के अनुसार, हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में हुआ है। फैक्ट्री में मजदूर बोरी में नमक भरने का काम कर रहे थे। उसी दौरान अचानक दिवार गिर गई, मलबे में दबने से 12 मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के समय कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो हादसे का शिकार हो गए हैं। हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है।

कई मजूदरों की ऐसे बची जान

जानकारी के मुताबिक, हादसे के करीब आधा घंटे पहले तक यहां 40 से ज्यादा मजदूर नमक की पैकिंग कर कर रहे थे। इनमें से कई मजदूर खाना खाने बाहर चले गए थे, जिस वजह से उनकी जान बच गई। कंपनी के कुछ श्रमिकों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए मजदूर राधनपुर तहसील के गांवों के रहने वाले हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मोरबी में दीवार गिरने का हादसा हृदय विदारक है। इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं, घायल जल्द ठीक हों। इसके अलावा पीएम मोदी ने पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने की 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने सीएम राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। पटेल ने मोरबी के कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को तत्काल राहत व बचाव के निर्देश दिए हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button