टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेंगी। मुकाबले से पहले वानखेड़े के रिकॉर्ड और खिलाड़ियों के आंकड़ों पर नजर डालना दिलचस्प है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय टीम का टी20 रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। यहां खेले गए 7 मैचों में टीम इंडिया ने 5 में जीत हासिल की है, जबकि 2 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी है। इसी मैदान पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 247 रन का विशाल स्कोर बनाया था, जो इस मैदान पर टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत भी इंग्लैंड के खिलाफ 150 रन से यहीं दर्ज हुई थी।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup Semifinal : मार्क्रम vs सैंटनर, कल ईडन गार्डन्स में रणनीति और फॉर्म की टक्कर
वानखेड़े में भारतीय बल्लेबाजों ने कई यादगार पारियां खेली हैं। विराट कोहली ने यहां 3 मैचों में 197 की औसत से 197 रन बनाए हैं। वहीं अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 54 गेंदों में 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 13 छक्के जड़े थे।
सबसे ज्यादा अर्धशतक भी विराट कोहली के नाम हैं, जबकि एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज है। इसके अलावा केएल राहुल और रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले विकेट के लिए 135 रन की सबसे बड़ी साझेदारी की थी।
गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने यहां सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए हैं। वहीं शिवम मवी का श्रीलंका के खिलाफ 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट लेना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
ये भी पढ़ें: T20 world Cup : वेस्टइंडीज को हराकर भारत सेमीफाइनल में, अब 5 मार्च को इंग्लैंड से मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड पहले भी भिड़ चुके हैं। 2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराया था, लेकिन 2024 में टीम इंडिया ने जीत हासिल कर हिसाब बराबर कर लिया। अब 2026 का यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।
दोनों टीमें दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीत चुकी हैं। ऐसे में इस सेमीफाइनल की विजेता टीम खिताब की दौड़ में एक कदम आगे निकल जाएगी। वानखेड़े की पिच, खिलाड़ियों का फॉर्म और बड़े मैच का दबाव इस मुकाबले को बेहद रोमांचक बना सकता है।