धर्म

Grahan 2023 : साल 2023 में कब और कितने लगेंगे सूर्य और चंद्र ग्रहण? देखें तारीख और समय

नया साल 2023 शुरू हो चुका है। साल बदलने के साथ कैलेंडर भी बदल जाता है और सारे व्रत-त्‍योहारों की नई तिथियां आ जाती हैं। इसी के साथ हर साल ग्रहण (Eclipse) भी पड़ते हैं। लोगों को नए साल में पड़ने वाले सूर्य ग्रहण (Solar Eclipse) और चंद्र ग्रहण (Lunar Eclipse) के बारे में जानने की उत्‍सुकता रहती है।

हिंदू पंचांग और ज्योतिष शास्त्र में सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण की घटनाओं को महत्वपूर्ण माना गया है। ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को आत्मा का कारक तो चंद्रमा को मन और माता का कारक माना गया है। ये दोनों ही ग्रह मनुष्य को बेहद प्रभावित करते हैं। आइए आपको बताते हैं कि साल 2023 में कुल कितने ग्रहण पड़ने जा रहे हैं

इस साल कुल 4 ग्रहण पड़ेंगे

हिंदू पंचांग के अनुसार, नए साल में कुल 4 ग्रहण पड़ेंगे। इसमें दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण होंगे। पहला ग्रहण सूर्य ग्रहण होगा जो कि अप्रैल के महीने में पड़ेगा। इसके बाद दूसरा ग्रहण मई के महीने में पड़ेगा, जो कि चंद्र ग्रहण होगा। इसके बाद अगला सूर्य ग्रहण और चंद्र ग्रहण अक्‍टूबर के महीने में पड़ेंगे। हालांकि, चार में से सिर्फ एक ही ग्रहण भारत में दिखेगा और मान्य होगा। यह साल का आखिरी चंद्र ग्रहण होगा।

2023 के ग्रहण की लिस्ट

  • साल का पहला सूर्य ग्रहण – 20 अप्रैल, 2023
  • साल का पहला चंद्र ग्रहण – 05 मई, 2023
  • साल का दूसरा सूर्य ग्रहण – 14 अक्टूबर, 2023
  • साल का दूसरा चंद्र ग्रहण – 29 अक्टूबर, 2023

किसे कहते हैं सूर्य ग्रहण ?

ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को सभी ग्रहों का राजा बताया गया है। सूर्य पिता और आत्मा के कारक माने में गए हैं। सूर्य पर जब ग्रहण की स्थिति बनती है तो इसे शुभ नहीं माना जाता है। मान्यता है कि जब सूरज पर ग्रहण लगता है तो ये पीड़ित हो जाते हैं और शुभ फलों में कमी आ जाती है। माना जाता है कि जब चंद्रमा, सूर्य और पृथ्वी के बीच से गुजरता है यानि जब सूर्य और पृथ्वी के बीच चंद्रमा आ जाता है और चंद्रमा की परछाई पृथ्वी पर पड़ती है तो सूर्य ग्रहण की स्थिति बनती है।

क्या होता है चंद्र ग्रहण ?

जब चंद्रमा और सूर्य के बीच में पृथ्वी आती है तो उसे ‘चंद्र ग्रहण’ कहते हैं। इस दौरान एक सीधी रेखा बन जाती है। इस स्थिति में पृथ्वी सूर्य की रोशनी को चंद्रमा तक नहीं पहुंचने देती है। आपको बता दें कि चंद्र ग्रहण हमेशा ‘पूर्णिमा’ को लगता है।

2023 का पहला सूर्य ग्रहण

हिंदू पंचांग के अनुसार, साल का पहला सूर्य ग्रहण 20 अप्रैल, 2023 को गुरुवार के दिन पड़ेगा। लेकिन ये भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। ग्रहण सुबह 7 बजकर 04 मिनट से शुरू होगा और दोपहर 12 बजकर 29 मिनट तक रहेगा।

साल का पहला चंद्र ग्रहण

साल का पहला चंद्र ग्रहण 5 मई, 2023 को शुक्रवार के दिन लगेगा। रात 8 बजकर 45 मिनट से शुरू होकर देर रात 1 बजे पूर्ण होगा। यह ग्रहण उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा और इसका भी सूतक काल मान्य नहीं होगा। ये चंद्र ग्रहण एशिया, अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण पूर्व यूरोप, हिंद और प्रशांत महासागर और अटलांटिक व अंटार्कटिका में भी दिखाई देगा।

2023 का दूसरा सूर्य ग्रहण

साल 2023 का दूसरा सूर्य ग्रहण 14 अक्टूबर, 2023 को शनिवार के दिन लगेगा। यह सूर्य ग्रहण भी भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। इसे पश्चिमी अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, दक्षिण अमेरिका, अटलांटिका और आर्कटिका में देखा जा सकेगा।

साल का दूसरा चंद्र ग्रहण

साल 2023 का दूसरा चंद्र ग्रहण 29 अक्टूबर, 2023 को रात 1 बजकर 06 मिनट से शुरू होकर 2 बजकर 22 मिनट पर समाप्त होगा। ये पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा और भारत में भी दिखाई देगा। इसका सूतक काल शाम 5 बजे से शुरू हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: Festival Calendar 2023 : साल में इस दिन मनाई जाएगी होली-दिवाली, जानें प्रमुख व्रत-त्योहार की तारीखें

(नोट: यहां दी गई सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। हम मान्यता और जानकारी की पुष्टि नहीं करते हैं।)

धर्म से जुड़ी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button