धर्म

Surya Grahan 2022 : दिवाली के अगले दिन लगेगा सूर्य ग्रहण, गोवर्धन पूजा की तिथि बदली, जानें कहां दिखाई देगा ग्रहण

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार साल 2022 का दूसरा व आखिरी सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर 2022 को लगेगा। सूर्य ग्रहण से एक दिन पहले दिवाली मनाई जाएगी। हर साल कार्तिक मास की अमावस्या को दीपावली का त्योहार मनाया जाता है। इस साल दिवाली 24 अक्टूबर को मनाई जाएगी और 25 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण लगेगा।

दिवाली के दूसरे दिन नहीं होगी गोवर्धन पूजा

दिवाली के दिन सूर्य ग्रहण का सूतक काल शुरू हो जाएगा। इस बार सूर्य ग्रहण को लेकर गोवर्धन पूजा की तारीख में भी बदलाव हुआ है। आमतौर पर दिवाली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा की जाती है। इस साल गोवर्धन पूजा 25 को ना होकर 26 अक्टूबर को होगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सूर्य ग्रहण के 12 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है जो कि ग्रहण की समाप्ति तक रहता है।

कब है सूर्य ग्रहण ‌?

साल का दूसरा व आखिरी सूर्य ग्रहण 25 अक्टूबर, मंगलवार को लगेगा। भारत में यह सूर्य ग्रहण शाम 4 बजकर 29 मिनट से शुरू होगा और शाम 5 बजकर 42 मिनट पर समाप्त होगा। ग्रहण के पहले और बाद तक सूतक काल रहता है।

सूर्य ग्रहण का सूतक काल

25 अक्टूबर को खंडग्रास सूर्य ग्रहण लगेगा। इसका सूतक ग्रहण शुरू होने से 12 घंटे पहले शुरू हो जाता है। भारत में यह सूर्य ग्रहण शाम 4.29 बजे से दिखाई देगा। ऐसे में इसका सूतक काल सुबह 4 बजे से मान्य होगा। इसलिए दिवाली की अगली सुबह ग्रहण के सूतक काल में होगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सूतक काल के दौरान कोई भी शुभ कार्य और पूजा-पाठ नहीं किया जाता है।

कहां-कहां दिखेगा सूर्य ग्रहण

सूर्य ग्रहण भारत के साथ अन्य कई देशों में दिखाई देगा। भारत में इसका प्रभाव आंशिक रूप से रहेगा। यह ग्रहण पाकिस्तान, अफगानिस्तान, यूरोप और अफ्रीका के कुछ देशों उत्तरी हिन्द महासागर, पश्चिमी एशिया आदि में ज्यादा समय तक दिखाई देगा।

ये भी पढ़ें: Surya Grahan 2022: साल के पहले सूर्य ग्रहण में बाकी हैं बस इतने घंटे, जानें कहां-कहां दिखाई देगा? भारत पर क्या होगा असर

सूर्य ग्रहण का इन राशियों पर प्रभाव

साल के आखिरी सूर्य ग्रहण का प्रभाव वृषभ, मिथुन, कन्या और तुला राशि वालों पर पड़ेगा। ग्रहण काल की अवधि में इन चार राशि के जातकों को सावधान रहने की सलाह दी जाती है।

ये भी पढ़ें: Pushya Nakshatra 2022 : जानिए कब बन रहा पुष्य नक्षत्र का योग, सुख-सौभाग्‍य के साथ धन में होगी वृद्धि

कब है दीपावली 2022 ?

इस साल कार्तिक माह की अमावस्या तिथि 24 और 25 अक्टूबर दोनों दिन पड़ रही है। लेकिन 25 अक्टूबर को अमावस्या तिथि प्रदोष काल से पहले ही समाप्त हो रही है। वहीं 24 अक्टूबर को प्रदोष काल में अमावस्या तिथि होगी। 24 अक्टूबर को निशिता काल में भी अमावस्या तिथि होगी। इसलिए इस साल 24 अक्टूबर को ही पूरे देश में दीपावली का पर्व मनाया जाएगा।

(नोट: यहां दी गई सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। हम मान्यता और जानकारी की पुष्टि नहीं करते हैं।)

धर्म से जुड़ी अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button