राष्ट्रीय

Weather Update: भीषण गर्मी से जल्द मिलेगी राहत… इस बार समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि इस बार देश में मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। इसी के साथ 14 मई से तापमान में लगातार गिरावट आने के साथ गर्मी का प्रकोप भी कम हो जाएगा।

गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान को छोड़कर देश में कहीं भी 13 मई के बाद लू चलने के आसार नहीं है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और आधे मध्यप्रदेश में 11, 12 और 13 मई को गर्मी बढ़ेगी। लेकिन, 14 मई से तापमान में लगातार गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। 24 मई के बाद कुछ दिनों तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

समय से पहले दस्तक देगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून इस बार 20 मई के आसपास केरल में दस्तक दे देगा। केरल में मानसून के दस्तक देते ही मध्य भारत में प्री-मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी। देश में सामान्य तौर पर मानसून की शुरुआत केरल में 1 जून से होती है। इस बार अंडमान में मानसून केरल से पहले पहुंचेगा। इस बार अंडमान में मानसून 18 मई तक पहुंच सकता है। हालांकि, देश में मानसून की दस्तक केरल से ही मानी जाती है।

मौसम विभाग के मई के मंथली लॉन्गरेंज फोरकास्ट के मुताबिक, 20 मई के बाद केरल में बारिश में इजाफा होगा। वैज्ञानिक इसे मानसून के आगमन का ही संकेत मान रहे हैं।

दो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बदलेगा मौसम

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से गर्मी में राहत मिलेगी, ये 13 मई की शाम से असर दिखाना शुरू करेगा। आईएमडी के मुताबिक, 13 मई की शाम से पश्चिमी विक्षोभ के असर से समूचे उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान कम होना शुरू होगा। लेकिन तब तक पांच राज्यों में लू चलने की संभावना है।

पहले दो हफ्तों की तुलना में मई का तीसरा हफ्ता कम गर्म रहेगा, क्योंकि एक और पश्चिमी विक्षोभ 18 मई को असर दिखाएगा। दक्षिणी राज्यों, पूर्वोत्तर और उत्तर के पहाड़ी राज्यों में तीसरे हफ्ते के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। जिससे तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी। हालांकि, चौथे हफ्ते में कुछ दिनों के लिए तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

आज लू की चपेट में मध्य प्रदेश

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश में आगामी 48 घंटे में मौसम के ये तेवर और तीखे हो सकते हैं। तापमान में एक दो डिग्री का इजाफा हो सकता है। प्रदेश के 20 शहरों में आज लू का अलर्ट जारी किया गया है। दरअसल, पूर्वी उप्र के ऊपर एक चक्रवाती घेरा है। जिसकी वजह से पाकिस्तान और राजस्थान से आने वाली गरम हवाओं की वजह से गर्मी का प्रकोप जारी है।

बता दें कि, सोमवार को रतलाम 46.0 सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं इंदौर में तापमान 42.8, ग्वालियर में 42.4 और जबलपुर में 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन जगहों पर लू का अलर्ट

ग्वालियर, चंबल, खंडवा, रतलाम, धार, खरगोन, नर्मदापुरम्, बड़वानी, नीमच, सीहोर, रायसेन, छतरपुर, सागर, टीकमगढ़, राजगढ़, दमोह, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली।

तूफान असानी का असर

तूफान असानी के ओडिशा तट पर पहुंचने पर इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी आना शुरू होगी। इसके साथ ही 12 मई तक एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसके प्रभाव से भी 12 मई के बाद गर्मी से राहत मिलेगी। ऐसे में प्रदेश में बादलों का डेरा रहेगा और तापमान में गिरावट आएगी।

फाइल फोटो

आज से दिखना शुरू हो जाएगा ‘असानी’ का व्यापक असर

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘असानी’ का व्यापक असर आज से दिखना शुरू हो जाएगा। आज इसके आंध्र-ओडिशा तटों से पश्चिम मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ेगा। इसके चलते मौसम वैज्ञानिकों ने तीन राज्यों पश्चिम बंगाल,ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जाहिर की है। कई जिलों में बारिश शुरू भी हो गई है।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button