राष्ट्रीय

जम्मू-कश्मीर : बनिहाल में रोकी गई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, कांग्रेस का आरोप- सुरक्षा नहीं मिल रही

जम्मू-कश्मीर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा जम्मू-कश्मीर के बनिहाल में रोक दी गई है। इसकी वजह बताते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि, यात्रा में सुरक्षा नहीं मिल रही है। कांग्रेस का कहना है कि, अब सुरक्षा मिलने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर मौसम कारणों की वजह से ब्रेक लगा था। कांग्रेस की यह भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में 30 जनवरी को खत्म होनी है।

बिना सुरक्षा यात्रा आगे नहीं जाएगी: कांग्रेस महासचिव

दरअसल, राहुल गांधी की यात्रा शुक्रवार को रामबन से अनंतनाग जाने के लिए सुबह 9 बजे शुरू हुई थी। लेकिन सुरक्षा नहीं मिलने की बात कहते हुए कांग्रेस ने यात्रा को बनिहाल में ही रोक दिया। कांग्रेस का कहना है कि जब तक सुरक्षा नहीं मिलेगी, यात्रा आगे नहीं जाएगी।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का कहना है कि, भारत जोड़ो यात्रा में सुरक्षा में चूक हुई है। ऐसे में हम राहुल गांधी को सुरक्षा के बिना आगे नहीं जाने दे सकते। अगर राहुल गांधी जाना भी चाहते हैं, तब भी हम उन्हें आगे नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि सीनियर सुरक्षा अफसरों को यहां आना चाहिए।

नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आया हूं: राहुल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार शाम जम्मू-कश्मीर पहुंची थी। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने हाथ में मशाल लेकर उनका स्वागत किया था। इस दौरान राहुल गांधी ने पठानकोट बॉर्डर पर कहा कि, आप किसी भी धर्म जात के हो, बच्चे या बुजुर्ग हो आप इस देश के हैं। मैं नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आया हूं। मेरे दिल में आपके लिए मोहब्बत है। जम्मू-कश्मीर के लोगों ने बहुत दुख देखे हैं। मैं यहां के लोगों का दुख-दर्द बांटने आया हूं।

7 सितंबर से शुरू हुई यात्रा… 30 जनवरी को समापन

3750 किमी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को श्रीनगर में यात्रा का समापन होगा। कश्मीर के लालचौक पर राहुल गांधी तिरंगा फहराकर यात्रा का समापन करेंगे। 125 दिन में यात्रा ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर किया। भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी 2023 को जम्मू-कश्मीर पहुंची, यहां वे 9 दिन रहेंगे। इस यात्रा में राहुल गांधी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।

भारत जोड़ो यात्रा के समापन को कांग्रेस विपक्षी एकता की ताकत दिखाना चाहती है, जिसके लिए समान विचारधारा वाले 21 दलों के नेताओं को न्योता भेजा गया है। हालांकि केसीआर से लेकर अरविंद केजरीवाल, एचडी देवगौड़ा और ओवैसी जैसे करीब 8 राजनीतिक दलों के नेताओं को नहीं बुलाया गया है।

यात्रा के समापन का मतलब यह नहीं कि काम खत्म हो गया

एआईसीसी मीडिया विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा ने कहा, “30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के समापन का मतलब यह नहीं है कि काम खत्म हो गया है। यात्रा का पहला चरण खत्म हो जाएगा, लेकिन उसके बाद भी यात्रा का मकसद जारी रहेगा।”

ये भी पढे़ं- जम्मू-कश्मीर : भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण रद्द, भारी बारिश और भूस्खलन से रोड ब्लॉक; जयराम रमेश बोले- अब 27 जनवरी से शुरू होगी यात्रा

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से शुरू हो गया है। यह अभियान 26 मार्च को खत्म होगा। इसके तहत भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाया जाएगा। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है। पदयात्रा में इस भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, तीन महीने के इस चुनावी अभियान में कांग्रेस 10 लाख मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी और 2.5 लाख ग्राम पंचायतें, 6 लाख गांवों और हर राज्य में जाएगी।

ये भी पढे़ं- भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस का आज से ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान, घर-घर पहुंचेगी राहुल की चिट्ठी

अन्य राष्ट्रीय खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button