गुना में कला उत्सव 2026 का समापन, उत्सव में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा

गुना। विद्यार्थियों ने वाद-विवाद, चित्रकला, पारंपरिक कथावाचन, वाद्य संगीत और नाटक सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बुंदेलखंड के पारंपरिक बरेदी लोकनृत्य सहित विभिन्न लोकगीतों और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को सराहा
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अभी जो प्रस्तुतियां देखी हैं, वे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विभिन्न विधाओं में मंच पर प्रस्तुति देने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है।
ये भी पढ़ें: गुना में छात्र संवाद कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश; स्कूल परिसर में किया पौधारोपण
एकाग्रता और शारीरिक संतुलन का अनूठा संगम
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों ने नृत्य और गायन सहित विभिन्न प्रस्तुतियों में जिस एकाग्रता के साथ प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। कला के इन रूपों में मन और शरीर के बीच संतुलन स्थापित करना वास्तव में अद्भुत है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानने के साथ ही आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
कला उत्सव के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।




















