Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

माखन नगर में मांगों को लेकर दो सप्ताह से धरने पर आदिवासी समाज, उग्र आंदोलन की चेतावनी

माखन नगर तहसील कार्यालय के सामने सर्व आदिवासी समाज का विभिन्न मांगों को लेकर दो सप्ताह से धरना जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के चर्चा के लिए नहीं पहुंचने से नाराजगी बढ़ रही है। आंदोलनकारियों ने भूमि पट्टे, कब्जे हटाने और दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां देने सहित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
माखन नगर। आदिवसी समाज के धरना प्रदर्शन में शामिल हुए कांग्रेस नेता।

सोहागपुर। विधानसभा क्षेत्र के माखन नगर में अपनी विभिन्न मांगों के निराकरण को लेकर सर्व आदिवासी समाज के सैकड़ों लोग पिछले दो सप्ताह से तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बावजूद तहसीलदार को छोड़कर अब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से चर्चा करने नहीं आया है। इससे आदिवासी समाज में नाराजगी और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।  आदि वासी समाज के लोगों ने अपनी मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। आंदोलनकारियों नेता कृष्णा मस्कोले और आशीष उईके ने बताया कि खखरापुरा और डांगपुरा में जिस भूमि पर आदिवासी लंबे समय से काबिज थे, वहां से उन्हें अतिक्रमण बताते हुए  उन्हें बेदखल कर दिया गया पर घोषित सुविधाएं और व्यवस्थाएं नहीं दी गई। समाज की मांग है कि संबंधित भूमि के पट्टे दिए जाएं। इसके अलावा मुहासा क्षेत्र में आदिवासियों की जमीन को बाहरी कंपनी से बचाने तथा संबंधित मामले में कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

जमीन की प्रमाणित प्रति मांगी

आंदोलनकारियों ने वन विभाग की बीट क्रमांक 193 की 66 हेक्टेयर भूमि की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके साथ ही विस्थापित ग्राम ग्वामता के चार हितग्राहियों को आवंटित भूमि की जानकारी और उसकी प्रमाणित प्रति भी मांगी गई है। धरने पर बैठे आदिवासी समाज के लोगों ने धमासा में काबिज आदिवासियों को भूमि के पट्टे देने तथा माना गांव, बुधवाड़ा और गुजरवाड़ा में पट्टाधारियों की जमीन पर गैर-आदिवासियों के कब्जे को हटाने की मांग भी उठाई है।

कांग्रेस नेताओं ने पहुंचकर जाना आंदोलनकारियों का हाल

धरना स्थल पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डन पांडे और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से चर्चा करने के बाद वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया तथा कलेक्टर से फोन पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल की डीएफओ से मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष सिंघार से भी मिलेंगे आदिवासी

कांग्रेस नेता पुष्पराज पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के साथ है। उन्होंने कहा कि इस मामले को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के समक्ष भी रखा जाएगा, ताकि आदिवासियों की समस्याओं का उचित निराकरण हो सके। धरने में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत यादव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रत्नेश बडगुजर, महेंद्र सिंघई, हकीम खान, राकेश दुबे, अरुण तिवारी, शेखर राजपूत सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...Read More

Latest Posts