सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के बडोखर गांव में हुई चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। हत्या के आरोप में एक नाबालिग सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शवों को सेप्टिक टैंक में छुपा दिया था।
शव बरामदगी से मचा था हड़कंप
दरअसल, दो दिन पूर्व बडोखर गांव में सुरेश कुमार प्रजापति के मकान के सेप्टिक टैंक से चार शव बरामद हुए थे। मृतकों की पहचान करण साहू (32), जोगिंदर महतो (33), राकेश सिंह (24), और सुरेश प्रजापति के रूप में हुई। शवों पर गंभीर चोटों और गन शॉट के निशान पाए गए थे, जिससे यह मामला स्पष्ट रूप से हत्या का प्रतीत हुआ।
पुरानी दुश्मनी बनी हत्या का कारण
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जांच के बाद 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें राजा रावत, बुद्धसेन साकेत, हरिश्चंद्र साकेत, रोहित साकेत, नीरज साकेत और एक नाबालिग शामिल हैं। मुख्य आरोपी राजा रावत ने कबूल किया कि उसने जोगिंदर महतो के साथ पुरानी दुश्मनी के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
हत्या में उपयोग किए हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राजा रावत और मृतक जोगिंदर महतो के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसने इस वारदात को जन्म दिया। पुलिस अब अन्य आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उन्होंने 2 पिस्टल और लोहे की रॉड का इस्तेमाल करके चारों मृतकों की हत्या की। पुलिस ने राजा रावत के कब्जे से एक देसी पिस्टल, चार कारतूस और एक खाली मैग्जीन बरामद की है। अन्य आरोपियों से हथियार और सबूत बरामद करने की कार्रवाई अभी जारी है।