भोपालमध्य प्रदेश

Bhopal news : रूस-यूक्रेन युद्ध से डिस्टर्ब हुआ पक्षियों का फ्लाइवे, साइबेरियन बर्ड्स की डेढ़ दर्जन प्रजातियां नहीं पहुंचीं भोपाल

पिछले साल 100 से अधिक प्रजाति के प्रवासी पक्षियों ने राजधानी के आसपास जमाया था डेरा

साकिब खान, भोपाल। रूस-यूक्रेन वॉर के चलते पक्षियों का फ्लाइवे डिस्टर्ब हो गया है। इसके चलते राजधानी की बड़ी झील, केरवा और कलियासोत इलाके में साइबेरिया और रशिया से आने वाली बर्ड्स नहीं पहुंच पाई हैं।

भोपाल बर्ड्स संस्था के अध्यक्ष और पक्षी विशेषज्ञ मोहम्मद खालिक का कहना है कि पिछले साल दिसंबर तक 18 से 20 प्रजाति के प्रवासी पक्षी आ जाते थे। फरवरी तक प्रवासी पक्षियों की 100 से अधिक प्रजातियां दिखाई देती थीं। इस बार दिसंबर का आधा माह बीत चुका है और अभी तक प्रवासी पक्षी नहीं आए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है।

खालिक का कहना है कि यूक्रेन-रूस वॉर में लगातार बड़े-बड़े फाइटर जेट, आधुनिक हथियार और बमों का प्रयोग किया जा रहा है। इसके चलते वायु प्रदूषण के साथ नॉइज पॉल्यूशन भी बढ़ गया है। इससे साइबेरिया और रूस से आने वाले पक्षियों का मुख्य फ्लाइवे ‘सेंट्रल एशियन फ्लाइवे’ पूरी तरह से डिस्टर्ब हो गया है। इस कारण प्रवासी प्रक्षियों की कई प्रजातियां नहीं पहुंच पाई हैं।

ये प्रजातियां अभी तक नहीं पहुंची

मोहम्मद खालिक के अनुसार, मुख्य रूप से यूरेशियन विजन, पिंटेल, कॉमन पोचार्ड, गडवाल, नॉर्दन शॉवेलर, कॉमन पील, कॉटन पिगी गूज, बार हेडेड गीज आदि प्रजातियां इस बार दिखाई नहीं दी हैं। आम तौर पर यह प्रजातियां दिसंबर माह तक भोपाल के आसपास दिखाई देने लगती हैं। इनके न आने का एक और कारण क्लाइमेंट चेंज भी है। इस बार दिसंबर में उतनी सर्दी नहीं पड़ रही है।

अभी स्थानीय प्रजाति के पक्षी ही दिख रहे

भोपाल बर्ड्स संस्था ने विंटर बर्ड्स काउंट शुरू कर दिया है। भोपाल के आसपास अभी मुख्य रूप से 82 प्रजाति के पक्षी ही चिह्नित किए गए हैं। संस्था के अनुसार, इनमें स्थानीय और दूसरे देशों के प्रवासी पक्षी शामिल हैं। इनमें रेड क्रेस्टेड पोचार्ड, कॉमन कूट, स्पॉट बिल डक, पर्पल हेरॉन, लार्ज कोमोरेंट, ब्लैक हेडेड आइबिस, ब्राउन हेडेड गल्ल, लैसर व्हीट थ्रोट, ब्लू थ्रोट, मार्श हरियर, कॉमन स्निप, ग्रीन स्निप, केंटिश प्लोवर, ब्लैक रेड स्टार्ट, सिट्रीन वैगटेल आदि शामिल हैं।

पिछले दो साल में कब-कितने पक्षी आए

वर्ष प्रजातियां कुल पक्षी
2021-22 209 53,000
2020-21 184 51,000

संबंधित खबरें...

Back to top button