ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

वोट के लिए पागल कमलनाथ, एमपी में भड़काना चाहते हैं दंगे : सीएम शिवराज

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर बड़ा आरोप लगाया है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में दंगे भड़काना चाहती है। कमलनाथ चाहते हैं कि मध्य प्रदेश शांति का टापू ना रहें, यहां दंगे-फसाद हों। मुझे तो आश्चर्य होता है कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता, पूर्व मुख्यमंत्री जब 2018 में मुख्यमंत्री नहीं थे चुनाव के पहले, तब भी ये कह रहे थे और जोर-जोर से कह रहे थे कि मुसलमानों के पोलिंग बूथ पर 90% वोट क्यों नहीं डलते, वोट डलवाओ, नहीं तो नुकसान हो जाएगा। उस समय का वीडियो दुनिया ने देखा है कि वो केवल वोटबैंक मानकर के काम करते हैं। क्या वोट के लिए लोगों को भड़काया जाएगा, धर्मों में और जातियों में ?

मध्य प्रदेश में कहां अशांति है ?

सीएम शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश शांति का टापू है। प्रेम, स्नेह और सद्भाव के साथ मध्य प्रदेश की जनता रहती है। आपने देखा रामनवमी हो या हनुमान जन्मोत्सव हो पूरे प्रदेश में न केवल शांति बल्कि सौहार्द और सद्भाव के साथ मनाई गई, लेकिन कांग्रेस को ये रास नहीं आया। आगे उन्होंने कहा कि अभी परसों की घटना है, कमलनाथ रोजा इफ्तारी के समय फिर कह रहे हैं इस साल दंगे भड़क रहे हैं प्रदेश में… अरे मध्य प्रदेश में कहां दंगे भड़क रहे हैं ? मध्य प्रदेश में कहां अशांति है ? लेकिन वोटों की भूख में आप इतने पागल हो गए हैं कि मध्य प्रदेश को झोंकना चाहते हैं, आप अशांति और वैमनस्य की खाई में ? क्या आप मन ही मन कामना करते हैं कि दंगे भड़क जाए ?

MP को दंगों की आग में हम झोंकने नहीं देंगे : CM

सीएम ने कहा कि जब कोविड था तब भी ये शवों को देखकर प्रसन्न होते थे, लाशों को देखकर आनंदित होते थे। ये राजनीति की स्तरहीनता मध्य प्रदेश का भला नहीं करेगी। हमने देखा रामनवमी पर भी, हनुमान जन्मोत्सव पर भी हमारे मुस्लिम भाइयों ने भी कई जगहों पर पुष्पों की वर्षा की। ये सद्भाव आपको ठीक नहीं लग रहा, लेकिन आप कुछ भी कर लें मध्य प्रदेश को दंगों की आग में हम झोंकने नहीं देंगे। अमन और चैन यहां कायम रहेगा।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button