ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में जेपी नड्डा ने किया भाजपा के हाईटेक मुख्यालय का भूमि पूजन, वीडी शर्मा, शिवराज समेत वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश (जेपी) नड्डा एक दिवसीय दौरे के लिए भोपाल पहुंचे। दोपहर करीब 2 बजे वे प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश मुख्यालय के निर्माण के लिए भूमिपूजन में शामिल हुए। नड्डा के साथ उनकी पत्नी भी पूजन में शामिल हुईं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पत्नी साधना सिंह के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य संधिया, नरेंद्र सिंह तोमर, नरोत्तम मिश्रा समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता पूजन स्थल पर उपस्थित रहे। आचार्यों ने विधि-विधान के साथ भूमिपूजन करवाया। पूजन-आरती के बाद भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भूमि स्थल पर गैंती, फावड़ा लगाकर श्रमदान किया।

51% से ज्यादा वोट से हम MP में सरकार बनाएंगे : नड्डा

इससे पहले भोपाल पहुंचने के बाद जेपी नड्डा ने स्वागत समारोह में प्रत्येक बूथ पर 51 % वोट शेयर के साथ “अबकी बार 200 पार” के संकल्प को पूरा करने की बात कही। वहीं नड्डा ने राजधानी में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात सुनी। स्वागत समारोह में जेपी नड्‌डा ने कहा, राजा भोज की नगरी में आना मेरा सौभाग्य है। यहां जिस तरह मेरा स्वागत हुआ और जो उत्साह मैंने देखा। यह उत्साह आने वाले समय का संदेश दे रहा है। उन्‍होंने कहा कि, आगामी विधानसभा चुनाव 2023 व लोकसभा चुनाव 2024 में हमें प्रत्येक बूथ पर 51 % वोट शेयर के साथ “अबकी बार 200 पार” के संकल्प को पूरा करना है। मुझे विश्वास है कि जिस उत्साह से आपने मेरा स्वागत किया है इसी उत्साह से जीत के संकल्प को भी पूरा करेंगे। हमें हर समाज को साथ लेकर देश और प्रदेश को आगे ले जाने का काम करना है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लाड़ली बहना योजना प्रारंभ करने पर बधाई देते हुए कहा कि, यह योजना से बहनों के स्वाभिमान की दिशा में मील का पथ्थर साबित होगा। उन्हांने कहा कि पहले लाड़ली लक्ष्मी और अब लाड़ली बहना योजना बनाकर यह साबित होता है कि किस प्रकार से महिलाओं को सशक्त बनाने और हर समाज को ताकत देने के लिए हमारे कार्यक्रम लक्षित होते हैं।

युद्ध के नगाड़े बज गए हैं : CM शिवराज

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी भोपाल पधारे हैं, प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से उनका स्वागत करता हूं। आज पूर्वोत्तर में हर जगह भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरा रहा है और कमल खिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संघर्ष का शंख फुक गया है, युद्ध के नगाड़े बज गए हैं, और हमारे नेतृत्वकर्ता हमारे सेनापति भी आज भोपाल आए हैं। हम सभी कार्यकर्ता संकल्प लें कि पहले 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएंगे और 2024 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश से सभी 29 लोकसभा सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।

स्‍टेट हैंगर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री नरोत्त मिश्रा और स्वास्थ्य चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग सहित पार्टी के कई नेताओं ने जेपी नड्डा का स्वागत किया।

प्रदेश की धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत : विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी भोपाल पधारे हैं। भोपाल के सभी कार्यकर्ता आज पलक पावडे बिछाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के स्वागत में जुटे है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ओर से मैं मध्य प्रदेश की धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का स्वागत, वंदन और अभिनंदन करता हूं।

100 करोड़ से तैयार हो रहा भवन, छत पर हेलीपैड

नए मुख्यालय में आधुनिक सभा कक्ष, सेमिनार हॉल और आधुनिक स्टूडियो होंगे। पदाधिकारियों और वीआईपी के रहने के इंतजाम भी इसी मुख्यालय में होंगे। इसके निर्माण में तकरीबन 100 करोड़ की लागत आएगी। इस मुख्यालय की छत पर हेलीपैड भी बनेगा। यानी वीआईपी सीधे मुख्यालय में लैंड कर सकेंगे। यह भवन 10 मंजिला होगा। इसमें हरियाली का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। मुख्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता विजयराजे सिंधिया की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। करीब 50 हजार वर्गफीट क्षेत्र में नए भवन का निर्माण किया जाना है।

पुराने भवन को तोड़कर बनाया जा रहा नया मुख्यालय

मप्र का भाजपा मुख्यालय पंडित दीनदयाल उपाध्याय बिल्डिंग में 1992 से संचालित था। इसी कार्यालय से भाजपा ने मप्र में 6 विधानसभा चुनाव लड़े। इन चुनावों में भाजपा तीन बार जीती, जबकि 1993, 1998 और 2018 के चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा। अब इस मुख्यालय को तोड़कर दिल्ली की तर्ज पर नया भवन बनवा रही है। इसका काम शुरू हो चुका है।

हालांकि, विधानसभा चुनाव तक कार्यालय तैयार नहीं हो पाएगा। तक तक के लिए भाजपा ने पुराने आरटीओ भवन को अस्थाई कार्यालय बनाया है। दरअसल, भाजपा की पुरानी बिल्डिंग में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और दुकानें भी हैं। 25 साल पुरान इस बिल्डिंग को अब हाईटेक बनाया जा रहा है।

इस प्रकार रहेगा जेपी नड्डा का कार्यक्रम

  • राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 26 मार्च को प्रातः 10.10 बजे स्टेट हैंगर पहुंचेंगे।
  • प्रातः 10.45 बजे भोपाल के गांधीनगर मंडल के सनसिटी स्थित बूथ क्रमांक 53 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे।
  • दोपहर 1.55 बजे नवीन भाजपा प्रदेश कार्यालय का भूमिपूजन करेंगे।
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा 2.45 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम (लाल परेड ग्राउंड) में भोपाल एवं नर्मदापुरम के संभागीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
  • शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हाल में प्रबुद्धजन समागम को संबोधित करेंगे।
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा शाम 7 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की बैठक को संबोधित करेंगे।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button