इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

शिव ज्योति अर्पणम् : महाकाल की नगरी ने तोड़ा अयोध्या का रिकॉर्ड, शिप्रा घाट पर एक साथ प्रज्ज्वलित हुए 18 लाख 82 हजार दीपक

उज्जैन। महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने दीप प्रज्ज्वलन का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना लिया है। ‘शिव ज्योति अर्पणम्’ के तहत शिप्रा नदी के तट पर एक साथ 18 लाख 82 हजार 229 दीये विश्व कीर्तिमान बना लिया है। इसी के साथ उज्जैन ने अयोध्या का रिकॉर्ड तोड़ा है। अयोध्या में पहले 15 लाख 76 हजार दीये जलाए गए थे, उससे आगे निकलकर अवंतिका नगरी ने ये रिकॉर्ड बनाया है।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शिवराज और उज्जैन महापौर को इसका सर्टिफिकेट सौंपा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ दीये जलाने की शुरुआत की। इसके बाद सभी वॉलंटियर्स ने दीप जलाना शुरू कर दिया। इसके साथ ही, उज्जैन का नाम एक ही जगह पर 18 लाख 82 हजार 229 दीये जलाने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया।

महाकाल की कृपा बरस रही है : सीएम

सीएम ने कहा- भगवान महाकाल की नगरी में आज सब कुछ अलौकिक है। आज से विक्रम उत्सव का भी शुभारंभ हो रहा है जो वर्ष प्रतिपदा तक चलेगा। महाकाल की कृपा बरस रही है, चारो तरफ आनंद की वर्षा हो रही है। शिव और शक्ति का मिलन हुआ है आज। शक्ति के बिना काम नहीं चलता। मैं सब में देवी को देखता हूं, लाडली बहना योजना लांच कर रहा हूं अब। उन्होंने कहा कि उज्जैन वासियों का आज अभिनदंन करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है, आगे बढ़ रहा है, लेकिन मध्य प्रदेश भी किसी से कम नहीं है। महाकाल महाराज की कृपा मध्य प्रदेश पर बरस रही है। स्वच्छता में भी उज्जैन नंबर वन बने यह जनभागीदारी बनी रहे। आइए हम सब साथ चलें, उज्जैन को आगे ले जाएं और मध्य प्रदेश को आगे ले जाएं। अपने बच्चों का भविष्य और बेहतर बनाएं। उज्जैन में महाकाल लोक की वजह से देश में हमारा नाम हुआ है।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण-पत्र सीएम शिवराज और उज्जैन महापौर ने लिया।

शिप्रा घाट पर 18 लाख 82 हजार दीए जले

उज्जैन में 18 लाख 82 हजार 229 दीये जलाकर विश्व कीर्तीमान बना लिया है। उज्जैन ने अयोध्या का रिकॉर्ड तोड़ा है। अयोध्या में पहले 15 लाख 76 हजार दीये जलाए गए थे, उससे आगे निकलकर महाकाल की नगरी ने ये रिकॉर्ड बनाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। इसका प्रमाण पत्र सीएम शिवराज और उज्जैन महापौर ने लिया है।

दीयों की रोशनी से जगमगाए घाट शिप्रा के घाट। जले हुए दीयों का विहंगम दृश्य।

सीएम ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

सीएम शिवराज ने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल का पूजन किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ उज्जैन पहुंच गए हैं। यहां सीएम ने मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। मुख्यमंत्री नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की आरती में भी शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शिप्रा तट पर पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में हूटर बजने के बाद दीया जलाना शुरू हो जाएगा। इससे पहले दोपहर 2 बजे उमा भारती ने मंदिर पहुंचकर महाकाल के दर्शन किए थे।

महाकाल का दूल्हे के रूप में श्रृंगार

उज्जैन में बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया है। इसके बाद सेहरा बांधकर दूल्हे के रूप में श्रृंगार किया। सुबह 10 बजे हुई आरती में अर्द्धनारीश्वर के रूप में श्रृंगार हुआ। महाकाल महाराज की नगरी (उज्जैन) आज दीपों से जगमग होगी। यहां 10 लाख भक्तों के आने का अनुमान है। सुबह 3 बजे ही मंदिर के कपाट दर्शन के लिए खोल दिए गए थे। दर्शन 44 घंटे होंगे। वहीं पहली बार महाकाल मंदिर समिति की ओर से नाश्ते में भक्तों को डोसा, नारियल की चटनी, सांभर परोसा गया। दोपहर के खाने में फलाहारी खिचड़ी परोसी जा रही है।

44 घंटे होंगे महाकाल के दर्शन

शनिवार तड़के चार बजे से आम भक्तों को मंदिर में प्रवेश शुरू हुआ। 19 फरवरी की रात 11 बजे मंदिर के पट बंद होने तक लगातार 44 घंटे दर्शन का सिलसिला चलेगा। इस दौरान चार प्रहर भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की जाएगी। पट खुलने से पहले ही रात से ही दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई थी। जैसे-जैसे समय बितता गया दर्शनों के लिए भक्तों की कतार भी लगातार बढ़ती चली गई।

ये भी पढ़ें: MP में महाशिवरात्रि की धूम : बाबा महाकाल का दूल्हे के रूप में किया श्रृंगार, CM शिवराज ने खींचा शिव रथ

घाटों पर 21 लाख दीप जलाए जाएंगे

गौरतलब है कि बाबा महाकाल के दर्शन के लिए इन दिनों हजारों की संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। इस साल भी 18 फरवरी को शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम में शिप्रा घाट पर 21 लाख दीप जलाए जाएंगे। 21 लाख दीप रामघाट, दत्त अखाड़ा, गुरुनानक, केदारेश्वर, सुनहरी घाट, पर एक समय पर एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीप प्रज्ज्वलित 20 हजार वालेंटियर्स करेंगे।

अयोध्या का रिकॉर्ड टूटेगा!

पिछले साल महाशिवरात्रि पर 11 लाख से ज्यादा दीपक जलाकर उज्जैन ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। इस साल शिव ज्योति अर्पणम महोत्सव के तहत शहर में 21 लाखों दीप एक साथ जलाए जाएंगे, जो कि अपने आप में एक रिकॉर्ड भी होगा। पिछल साल रामनगरी अयोध्या में एक साथ 15 लाख 76 हजार दीपक जलाने विश्व रिकॉर्ड बना था। ऐसे में उज्जैन में इस बार 21 लाख दीपक जलाए जाएंगे। इससे अयोध्या का रिकॉर्ड टूटेगा और देश में एक साथ लाखों दीप जलाने का नया कीर्तिमान बनेगा।

जली हुई रूई से बनाए जाएंगे गद्दे-बिस्तर

बता दें कि शिव ज्योति अर्पण कार्यक्रम जीरो वेस्ट कार्यक्रम रहेगा। इसमें खाली तेल की बोतलों को पुन: उपयोग करते हुए उद्यान में कुर्सियां, बेंचेस, गमले आदि बनाए जाएंगे। मोमबत्तियों को जलाने के लिए पेपर मैच बॉक्स का उपयोग किया जाएगा। जली हुई रूई की बत्तियों को पुन: उपयोग करते हुए रैन बसेरों के गद्दे-बिस्तर बनाने में इसका उपयोग होगा। दीपोत्सव की व्यापक तैयारियां जारी है। इस बार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। इस बार दीपोत्सव के लिये घाटों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। कुल छह सेक्टर बनाए गए हैं व 20 हजार वॉलेंटियर्स को इसमें शामिल किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: राम नगरी का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी! 21 लाख दीयों से जगमग होगी महाकाल की नगरी उज्जैन; सीएम ने दीप जलाने का किया आह्वान

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button