Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

श्योपुर में आधी रात डकैती का आतंक :हथियारबंद बदमाशों ने पूरे गांव को बनाया बंधक, नगदी-गहने और बाइक लूटकर दी दोबारा आने की धमकी

श्योपुर के एक गांव में आधी रात हथियारबंद बदमाशों ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों को बंधक बनाने के बाद बदमाश क्या-क्या लूटकर ले गए और जाते-जाते कैसी धमकी दी? पढ़िए पूरी खबर।
हथियारबंद बदमाशों ने पूरे गांव को बनाया बंधक, नगदी-गहने और बाइक लूटकर दी दोबारा आने की धमकी
श्योपुर में हथियारबंद बदमाशों ने पूरे गांव को बंधक बनाकर डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। कराहल थाना क्षेत्र के चक गांव में 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने ग्रामीणों को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर करीब दो घंटे तक लूटपाट की। बदमाश नगदी, चांदी के आभूषण, मोबाइल, बाइक और डीजे मशीन लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने ग्रामीणों को दो दिन बाद फिर आने और 20 हजार रुपए तैयार रखने की धमकी भी दी।

रात 2 बजे गांव में घुसे नकाबपोश बदमाश

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 2 बजे की है। कराहल थाना क्षेत्र के चक गांव में 4-5 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने सबसे पहले गांव के आदिवासी परिवारों के लोगों को उनके घरों से बाहर निकाला और गांव के चौक पर इकट्ठा कर लिया। कट्टों और अन्य हथियारों की नोक पर महिलाओं, बुजुर्गों और पुरुषों को बंधक बनाकर रखा गया।

घरों में घुसकर नगदी, गहने और बाइक लूटी

ग्रामीणों को बंधक बनाने के बाद बदमाशों के अन्य साथी एक-एक घर में घुसे और जमकर लूटपाट की। बदमाश प्रेमराज की बाइक, महेश की चांदी की खानवाई, मोतीराम के 5 हजार रुपए, रमेश के 1 हजार रुपए, रामजीलाल के 2 हजार रुपए, नट्टू के चांदी के कड़े, एक घर से डीजे मशीन और चांदी का चूड़ा समेत अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए। इस दौरान ग्रामीणों के साथ मारपीट भी की गई।

Breaking News

जाते-जाते दी दोबारा आने की धमकी

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने ग्रामीणों को धमकाते हुए कहा कि वे दो दिन बाद फिर गांव आएंगे और तब तक 20 हजार रुपये का इंतजाम करके रखना। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर किसी ने पुलिस को सूचना दी या घटना के बारे में किसी को बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इस धमकी के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना रहा।

विधायक के साथ थाने पहुंचे ग्रामीण

सोमवार सुबह डरे-सहमे ग्रामीण क्षेत्रीय विधायक मुकेश मल्होत्रा के पास पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद विधायक ग्रामीणों को साथ लेकर कराहल थाने पहुंचे, जहां पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई।

ये भी पढ़ें: आखिरी सफर तक निभाया साथ... बैतूल में मालिक की अर्थी में साथ चला पालतू डॉगी, सदमें में तोड़ा दम

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही कराहल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कराहल थाना प्रभारी भारत सिंह गुर्जर ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर नाकाबंदी भी की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts