जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

सिवनी में तालाब में डूबने से 4 बच्चों की मौत, नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी के कुरई थाना अंतर्गत धोबीसर्रा गांव में तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। परिजन खेत पर काम करने गए थे, तभी चारों बच्चे गांव के पास के तालाब में नहाने चले गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और चारों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, चारों बच्चे अलग-अलग परिवार के थे। घटना धोबी सर्रा से दरासीकला की बीच बने तालाब की बताई जा रही है।

तालाब के पास मिले बच्चों के कपड़े

जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार की है। जब परिजन खेत पर काम करने गए थे, तभी बच्चे गांव के पास के तालाब में नहाने चले गए। परिजन जब शाम को लौटे तो बच्चे नहीं मिलने, उन्हें तलाशने के दौरान तालाब के पास उनके कपड़े दिखाई दिए। जिसके बाद बच्चों के शव तालाब में मिले।

बच्चों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, इन चारों बच्चों को तालाब की गहराई का अंदाज नहीं था। नहाने के दौरान वे तालाब के गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। बच्चों की पहचान ऋषभ पिता प्यारे लाल विश्वकर्मा (5), आरव पिता यशवंत तुमराम (6), ऋतिक पिता सुनील चक्रवर्ती (10), आयुष पिता सोनू बाम्हने (8) के रूप में हुई है।

परिजनों से मिलने पहुंचे बरघाट विधायक

घटना की जानकारी मिलते ही बरघाट विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया परिजनों से मिलने पहुंचे। इनके अलावा ग्राम पंचायत धोबीसर्रा के सचिव चुनेंद्र चौधरी, कुरई एसडीएम रेखा देशमुख, तहसीलदार इमरान मंसूरी, सरपंच टेकचंद भलावी, कुरई पुलिस का बल भी मौके पर पहुंचा।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button