गद्दी के अधिकार पर भिड़े सिवनी-नागपुर के किन्नर, थाने में जमकर मारपीट; कई घायल

सिवनी। कोतवाली थाना क्षेत्र में सिवनी और नागपुर क्षेत्र के किन्नरों के दो पक्षों के बीच गद्दी के अधिकार को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई किन्नरों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार और मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रमुख की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पलारी थाना क्षेत्र में दो दिन पहले किन्नरों के प्रमुख की मृत्यु हुई थी। इसके बाद सिवनी और नागपुर क्षेत्र के किन्नर वहां पहुंचे और गद्दी पर अपना-अपना अधिकार जताने लगे। इसी दौरान उनकी बस को रोकने को लेकर पहले पुलिस के साथ कहासुनी हुई। बाद में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को कोतवाली थाना बुलाया गया।
थाने में भी भिड़े, पुलिस बल बुलाना पड़ा
कोतवाली थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे। देखते ही देखते विवाद फिर बढ़ गया और दोनों ओर से हाथ-मुक्के चलने लगे। स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली पुलिस के साथ पुलिस लाइन, डूंडासिवनी और लखनवाड़ा थाने से अतिरिक्त बल बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को अलग किया गया। दोनों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घायल पक्ष ने लगाए मारपीट और चाकू से हमला करने के आरोप
बेबी किन्नर ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले हुए विवाद के बाद पुलिस ने समझौते के लिए उन्हें बुलाया था, लेकिन यहां पहुंचते ही उनके चेलों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों के सिर में चोट आई है, जबकि कुछ को चाकू से चोट लगी है। उनका कहना है कि घटना में कुछ युवक और कुछ किन्नर शामिल थे। उन्होंने शासन और प्रशासन से न्याय की मांग की है।
दोनों पक्षों पर अपराध दर्ज किए जाएंगे : एएसपी
एएसपी दीपक मिश्रा ने बताया कि किन्नरों के प्रमुख की मृत्यु के बाद गद्दी के अधिकार को लेकर नागपुर और सिवनी के पक्षों में विवाद हुआ था। विवाद सुलझाने के लिए दोनों समूहों को थाने बुलाया गया था, जहां मारपीट हो गई। पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है और आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।





















