Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर के मनाखेड़ा संगम धाम से गूंजेगा नदी बचाने का संदेश, मां सीवन-पार्वती के संगम पर लेंगे संरक्षण का संकल्प

19 सितंबर को मनाखेड़ा के सीवन-पार्वती संगम धाम पर नदी संरक्षण का विशेष आयोजन होगा। सीवन पुत्र टीम छह माह के अभियान के बाद लोगों को नदियां स्वच्छ-सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाएगी।
सीहोर के मनाखेड़ा संगम धाम से गूंजेगा नदी बचाने का संदेश, मां सीवन-पार्वती के संगम पर लेंगे संरक्षण का संकल्प
सीहोर। नदियां बचेंगी तो जीवन की धारा बचेगी, 19 सितंबर को नदियों के लिए विशेष अभियान।

सीहोर। नदियां सिर्फ बहता हुआ पानी नहीं होतीं, वे किसी क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और जीवन की धड़कन होती हैं। इसी भावना को जनअभियान का रूप देने के उद्देश्य से शनिवार, 19 सितंबर को मनाखेड़ा स्थित सीवन-पार्वती संगम धाम पर विशेष आयोजन किया जाएगा। “चलो सीवन-पार्वती संगम धाम, मनाखेड़ा” अभियान के तहत मां सीवन और मां पार्वती के पावन संगम से नदियों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।

संगम की धरती से नदी संरक्षण का संकल्प

सीवन पुत्र टीम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संगम धाम पर पहुंचने वाले लोगों को नदियों को स्वच्छ, सुरक्षित और संरक्षित रखने का संकल्प दिलाया जाएगा। टीम का उद्देश्य है कि जिस नदी को समाज आस्था के रूप में पूजता है, उसके प्रति जिम्मेदारी की भावना भी उतनी ही मजबूत हो। संगम स्थल से दिया जाने वाला यह संदेश केवल सीवन तक सीमित न रहकर देश की अन्य नदियों के संरक्षण के लिए भी प्रेरणा बने, यही अभियान की भावना है।

छह महीने से लगातार चल रहा सीवन अभियान

सीवन पुत्र टीम के अनुसार नदी संरक्षण को लेकर पिछले छह माह से लगातार सीवन अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को नदी में गंदगी नहीं डालने, जलधारा को स्वच्छ रखने और नदियों के प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के माध्यम से नदी को केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन और आस्था से जुड़े जीवंत आधार के रूप में देखने का संदेश दिया जा रहा है।

Featured News

आस्था को संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ने की कोशिश

सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा एवं कैलाश चव्हाण ने बताया कि मां सीवन लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु मां सीवन के दर्शन और नदी के जल से अभिषेक के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु सीवन के जल को पवित्र मानकर अपने घर भी ले जाते हैं। टीम का प्रयास है कि इसी श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव को नदी संरक्षण की जिम्मेदारी में बदला जाए।

12 हजार ‘नदी पुत्र-पुत्रियों’ से जुड़ा अभियान

सीवन पुत्र टीम द्वारा सीवन सहित विभिन्न नदियों के नाम पर लोगों को ‘नदी पुत्र एवं नदी पुत्री’ बनाकर उनसे भावनात्मक रिश्ता जोड़ने की पहल की जा रही है। टीम के मुताबिक लगभग 12 हजार नदी पुत्र-पुत्रियां इस अभियान से जुड़ चुके हैं। इनसे अपेक्षा की जा रही है कि वे नदी की स्वच्छता में योगदान देने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी नदी संरक्षण के लिए प्रेरित करें।

ये भी पढ़ें: रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में गंदगी करने पर अब लगेगा 1,000 रुपए का जुर्माना

18 किलोमीटर सीवन परिक्रमा से गांव-गांव पहुंचा संदेश

अभियान के तहत पूर्व में 18 किलोमीटर की सीवन परिक्रमा भी पूरी की जा चुकी है। परिक्रमा के दौरान मार्ग में आने वाले गांवों में रुककर ग्रामीणों और आम लोगों को सीवन नदी के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। अब इसी अभियान की अगली कड़ी के रूप में सीवन-पार्वती संगम धाम को केंद्र बनाकर नदी संरक्षण का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाने की तैयारी है।

संगम पर गूंजेंगे राष्ट्रगीत, जुड़ेगा देशभक्ति का भाव

कार्यक्रम में यूट्यूबर एवं सिंगर अशोक नामदेव, वैभव एवं जितेंद्र आर्य द्वारा राष्ट्रगीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। नदी संरक्षण के संदेश के साथ राष्ट्रगीतों की प्रस्तुति कार्यक्रम में सामाजिक सहभागिता, देशभक्ति और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव जोड़ने का प्रयास होगी।

ये भी पढ़ें: बुखार में खाई जाने वाली पैरासिटामोल और BP की दवा फेल, अस्पतालों ने तुरंत रोका वितरण

सामूहिक भागीदारी का किया गया आह्वान

आयोजन को लेकर गोपाल आर्य, प्रदीप साबू, हरीश आर्य, श्याम मेहता, ब्रजेश पाराशर, सुरेश, वीरेंद्र बिसौरिया, दिनेश दिनकर, हुकुम सिंह वर्मा, कैलाश चावड़ा, सतीश सीठा, मुकेश राय, जगदीश वर्मा, लक्ष्मण सिंह चौकसे, विजेंद्र, संतोष मेवाड़ा, प्रकाश यादव, राजकुमार सोनी, वैभव राठौर, कनीराम मालवीय, धर्मेंद्र खत्री, अशोक खत्री, सचिन प्रजापत, उमेश चावड़ा, रवि महेश्वरी, देवेश सिसोदिया, विनीत गोयल, राहुल राय, शील राय, वासुदेव परमार, अशोक नामदेव, कलम राठौर, दीपक दलोदिया, जितेंद्र कौशल, मनोहर राय, सुधीर सोनी, योगेंद्र राय, मांगीलाल प्रजापति, राजू राजपूत, विल्सन जैन, नितेश जायसवाल, राहुल ठाकुर, संदीप मेवाड़ा, हीरालाल जायसवाल, कमल नाविक, उदित जादवानी, श्याम नाविक, बीएल बकोरिया एवं राधेश्याम पचवारिया सहित अन्य लोगों ने सहभागिता का आह्वान किया है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts