सीहोर: माता मंदिर-नरसिंहगढ़ नाका तक सड़क बदहाल, PWD से जांच और मरम्मत की मांग

सीहोर। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि सीहोर-श्यामपुर रोड के अंतर्गत माता मंदिर मंडी से नरसिंहगढ़ नाका तक लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब दो से ढाई साल पहले सड़क का डामरीकरण कराया गया था। नगर पालिका का कहना है कि इतने कम समय में सड़क की स्थिति खराब होना गंभीर विषय है। कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है और सड़क पर गहरे गड्ढे दिखाई दे रहे हैं।
बारिश के बाद और बिगड़ी सड़क की हालत
बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण इस व्यस्त मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित होने की स्थिति बनती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सड़क की जिम्मेदारी को लेकर विभाग आमने-सामने
सड़क की मरम्मत को लेकर नगर पालिका और PWD के बीच जिम्मेदारी का सवाल भी सामने आया है। नगर पालिका का कहना है कि माता मंदिर से नरसिंहगढ़ नाका तक का यह मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। ऐसे में सड़क के रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग की है। इसी को लेकर नपाध्यक्ष पार्षदों के साथ PWD कार्यालय पहुंचे और तत्काल कार्रवाई की मांग रखी।
गुणवत्ता की तकनीकी जांच की मांग
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कार्यपालन यंत्री को सौंपे पत्र में सड़क निर्माण और डामरीकरण कार्य की तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में निर्धारित मापदंडों का पालन हुआ है या नहीं, इसकी जांच आवश्यक है। अगर निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
जनता के पैसों से होने वाले काम टिकाऊ हों
प्रिंस राठौर ने कहा कि सड़क जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक निर्माण कार्य जनता के पैसों से कराए जाते हैं। ऐसे में इनकी गुणवत्ता और मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। अगर डामरीकरण के कुछ ही समय बाद सड़क उखड़ने लगे और गड्ढे बनने लगें तो निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता बताई।
ये भी पढ़ें: रायगढ़ में 130 हाथियों का डेरा, 16 किसानों की फसलें रौंदी,रात होते ही खेतों में पहुंच रहा गजराजों का दल
तत्काल सुधार नहीं हुआ तो बढ़ सकती है परेशानी
नपाध्यक्ष ने PWD से मौके का निरीक्षण कराकर सड़क की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने और आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से आम नागरिकों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। अब इस मामले में PWD द्वारा निरीक्षण और मरम्मत को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर है।




















