सीहोर: शासकीय महिला पॉलीटेक्निक में त्रिदिवसीय तकनीकी कार्यशाला का होगा आयोजन

सीहोर। अगर आप अब भी डिग्री को ही सफलता की गारंटी मानकर घर बैठे रोजगार का इंतजार कर रहे हैं, तो संभल जाइए! अब जमाना सिर्फ किताबी ज्ञान का नहीं बल्कि तकनीकी महारत और हाई-टेक इनोवेशन का है। सीहोर के शासकीय महिला पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक ऐसा अभूतपूर्व तकनीकी महामंथन होने जा रहा है, जो जिले के युवाओं की तकदीर और करियर की दिशा बदल सकता है। मध्यप्रदेश शासन एवं तकनीकी शिक्षा संचालनालय के निर्देश पर 'सेवा संकल्प अभियान-2026' के तहत आयोजित होने वाली यह तीन दिवसीय कार्यशाला युवाओं को रोजगार मांगने वाले की कतार से निकालकर रोजगार सृजक बनाने का रोडमैप तैयार करेगी।
किताबी ज्ञान को कहें अलविदा
अब वक्त कागजी थ्योरी को परे रखकर सीधे मैदान में उतरने का है। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित इस वर्कशॉप का मुख्य मकसद जिले के विद्यार्थियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के वास्तविक आयामों से रूबरू कराना है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सिर्फ परीक्षा पास करना काफी नहीं है; इंडस्ट्री उसी को अपनाती है जिसके पास व्यावहारिक कौशल हो। यही कारण है कि इस कार्यशाला में हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीकी मॉडल्स के प्रदर्शन पर सबसे ज्यादा जोर दिया जाएगा।
ड्रोन टेक्नोलॉजी का खुलेगा पिटारा
इस महा-आयोजन का सबसे बड़ा और प्रमुख आकर्षण 'ड्रोन टेक्नोलॉजी' है। कृषि से लेकर डिफेंस और सर्विलांस तक, आज ड्रोन हर क्षेत्र में क्रांति ला रहा है। कार्यशाला में इस उभरते सेक्टर पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत व्याख्यान, लाइव तकनीकी प्रदर्शन और व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। छात्र सीधे यह सीख सकेंगे कि कैसे इस नई तकनीक को समझकर अपना करियर आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें
सरकारी नौकरी के सीमित दायरे और पारंपरिक विकल्पों के पीछे भागने के बजाय अब आत्मनिर्भर बनने का वक्त है। कार्यशाला में नए आइडिया विकसित करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और स्टार्टअप शुरू करने के हर पैंतरे बारीकी से सिखाए जाएंगे। जिले के युवाओं को यह समझाया जाएगा कि कैसे एक छोटा सा तकनीकी विचार करोड़ों के व्यवसाय में तब्दील हो सकता है। यह आयोजन स्वरोजगार की ऐसी खिड़की खोलेगा जहां युवा खुद का बॉस बन सकेंगे।
छात्रों और युवाओं के लिए खुला मंच
यह वर्कशॉप किसी एक क्लास या कॉलेज तक सीमित नहीं है। जिले के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों, महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं, आईटीआई प्रशिक्षुओं तथा तकनीकी रुचि रखने वाले आम नागरिकों के लिए यह खुला निमंत्रण है। प्राचार्य डॉ. प्रमोद शर्मा के अनुसार, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए यह एक सुनहरा मौका है और इसमें भाग लेकर युवा अपने करियर को एक निर्णायक मोड़ दे सकते हैं। मौका हाथ से न जाने दें!




















