
इंदौर। शहर के द्वारकापुरी इलाके में लगातार दूसरे दिन हत्या की वारदात सामने आई है। शुक्रवार को एक युवक को डंडे और सरिए से बुरी तरह पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या का कारण बहन से छेड़छाड़ को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी विकास को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
झगड़े के बाद मारपीट, अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, घटना द्वारकापुरी के बंजारा समाज धर्मशाला के पास हुई। मृतक की पहचान अज्जू पुत्र राजू लुढेरे के रूप में हुई है, जबकि आरोपी विकास फर्नीचर का काम करता है। घटना के वक्त विकास अपनी बहन के साथ अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। इसी दौरान अज्जू से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि अज्जू ने विकास की बहन से छेड़छाड़ की थी, जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर विकास और उसके रिश्तेदारों ने डंडे और सरिए से अज्जू पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अज्जू को तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
मजदूरी करता था मृतक
अज्जू पेशे से मजदूर था और अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसका बड़ा भाई पिंटू ऑटो चालक है। अज्जू की अभी शादी नहीं हुई थी। उसकी हत्या से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
एक दिन पहले भी हुई थी हत्या
द्वारकापुरी में यह दूसरी हत्या है। गुरुवार को भी नीलेश अटूद नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी पवन और उसके साथियों ने हिना नाम की महिला से प्रेम प्रसंग के चलते नीलेश को पीट-पीटकर मार डाला था। लगातार हो रही हत्याओं से द्वारकापुरी में तनाव और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस का बयान
द्वारकापुरी थाना प्रभारी के अनुसार, हत्या के मुख्य आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
One Comment