
मुंबई। एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से चौंका देने वाली घटना सामने आई है। नागपुर से मुंबई जा रही एअर इंडिया की AI 630 फ्लाइट में एक महिला पैसेंजर को बिच्छू ने डंक मार दिया। हालांकि, इस घटना में यात्री की जान बचा ली गई और वह अब बिल्कुल ठीक हैं। एअर इंडिया ने शनिवार को बताया कि घटना 23 अप्रैल यानी पिछले महीने की है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया एक्सप्रेस की नागपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में एक महिला पैसेंजर को बिच्छू ने डंक मार दिया। घटना 23 अप्रैल यानी पिछले महीने की बताई जा रही है। एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने के बाद वहां पहले एक डॉक्टर ने महिला का ट्रीटमेंट किया और फिर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि, फ्लाइट से लेकर अस्पताल तक एअर इंडिया के अधिकारी डिस्चार्ज होने तक उनके साथ ही था। अब वह ठीक हैं।
एअर इंडिया ने मांगी माफी
एअर इंडिया ने कहा- घटना की जानकारी मिलते ही एअर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम ने विमान का गहन निरीक्षण किया। विमान में कीड़े मारने वाली गैस छोड़ी गई, जिससे बिच्छू पाया गया। यात्रियों को हुई परेशानी और असुविधा के लिए हमें खेद है।”
पिछले साल फ्लाइट में मिला था सांप
दुबई में एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में पिछले साल 2022 में सांप देखा गया था। जिसके बाद फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई। दुबई से करीपुर आ रही इस फ्लाइट से सांप को बाहर निकालने का काफी देर तक प्रयास किया गया। जिसके बाद टाइम लगने पर फ्लाइट कैंसल कर दी गई थी।