सत्य निकेतन हादसे का जिम्मेदार कौन? बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल फरार, दिल्ली-NCR में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए इमारत हादसे के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली-NCR में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। गुरुग्राम समेत कई जगहों पर पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपी के रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों को भी खंगाला जा रहा है। हादसे के बाद से ही हरिराम बंसल फरार बताया जा रहा है। पुलिस को शक है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह किसी सुरक्षित जगह पर छिपा हुआ है। साउथ कैंपस थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घर पहुंची पुलिस, लेकिन नहीं मिला हरिराम बंसल
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस की एक टीम हरिराम बंसल के घर भी पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपना घर छोड़कर फरार हो चुका है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाईं। दिल्ली के अलावा दिल्ली-NCR के अलग-अलग इलाकों में संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसी कड़ी में गुरुग्राम समेत कई जगहों पर छापेमारी की गई है। पुलिस अब आरोपी के रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों पर भी दबिश दे रही है, ताकि उसके बारे में कोई सुराग मिल सके और उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पिलर और दीवारों से छेड़छाड़ का आरोप
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिस इमारत में हादसा हुआ, उसके ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। आरोप है कि इस दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। बताया जा रहा है कि रेनोवेशन के दौरान इमारत के पिलर और दीवारों के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी। इसके चलते पूरी इमारत का ढांचा कमजोर हो गया। इसके बाद अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
हरिराम समेत जिम्मेदार लोगों पर केस दर्ज
इस हादसे को लेकर दिल्ली पुलिस के साउथ कैंपस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इमारत के मालिक हरिराम बंसल और दूसरे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इमारत में चल रहे रेनोवेशन के दौरान किन नियमों का पालन किया गया था और किन परिस्थितियों में इमारत का ढांचा कमजोर हुआ।
हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत, 11 घायल
सत्य निकेतन में हुए इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज एम्स में चल रहा है। वहीं, घटनास्थल पर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। राहत-बचाव टीमें मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी हैं। घटनास्थल के ड्रोन विजुअल्स भी सामने आए हैं, जिनमें जेसीबी की मदद से मलबा हटाते हुए रेस्क्यू टीमें दिखाई दे रही हैं। हादसे के बाद पुलिस की जांच का फोकस अब बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल और इस मामले से जुड़े दूसरे जिम्मेदार लोगों पर है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सत्य निकेतन में मौत का मलबा! 5 मंजिला इमारत ढही, 6 की मौत, CCTV में दिखा खौफनाक मंजर




















