Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना: नौकरी से हटाए जाने पर हाईटेंशन खंभे पर चढ़ा बिजली ऑपरेटर, सैकड़ों गांवों की बिजली गुल

सतना के उचेहरा क्षेत्र में नौकरी से हटाए जाने से नाराज बिजली ऑपरेटर अभिनेंद्र शुक्ला हाईटेंशन खंभे पर चढ़ गया। घटना से सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। अधिकारियों की समझाइश और दोबारा काम पर रखने के आश्वासन के बाद वह नीचे उतरा।
सतना: नौकरी से हटाए जाने पर हाईटेंशन खंभे पर चढ़ा बिजली ऑपरेटर, सैकड़ों गांवों की बिजली गुल
नौकरी से हटाए जाने पर हाईटेंशन खंभे पर चढ़ा बिजली ऑपरेटर

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में नौकरी से हटाए जाने से नाराज एक बिजली ऑपरेटर ने शनिवार दोपहर ऐसा कदम उठाया, जिससे बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। उचेहरा विद्युत वितरण केंद्र के पोड़ी-पिथौराबाद सब स्टेशन में पदस्थ ऑपरेटर अभिनेंद्र शुक्ला हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़कर तारों के बीच बैठ गया। खंभे पर चढ़ने से पहले उसने सब स्टेशन के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इसके चलते क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में कई घंटे तक बिजली गुल रही और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सेवा समाप्ति से नाराज था ऑपरेटर

जानकारी के अनुसार अभिनेंद्र शुक्ला का आरोप है कि वह लंबे समय से पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ काम कर रहा था। इसके बावजूद विभाग ने बिना कोई ठोस कारण बताए उसे नौकरी से हटा दिया। सेवा समाप्त किए जाने से नाराज ऑपरेटर ने विरोध जताने के लिए हाईटेंशन खंभे पर चढ़ने का फैसला किया। खंभे पर तारों के बीच युवक को बैठा देखकर मौके पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मामला हाईटेंशन लाइन से जुड़ा होने के कारण उसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद रहने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

बांधवगढ़ में लोकप्रिय बाघिन डॉटी की मौत, जंगल में अकेले रह गए 15-16 महीने के दो शावक

पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर पोड़ी चौकी पुलिस और बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर सतीश पटेल विभागीय अमले के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने खंभे पर बैठे ऑपरेटर से बातचीत शुरू की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब दो घंटे तक चली बातचीत के बाद ऑपरेटर नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। जेई सतीश पटेल ने उसे भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने की हिदायत दी। साथ ही उसे नियमानुसार दोबारा काम पर रखने का आश्वासन भी दिया गया। इसके बाद अभिनेंद्र शुक्ला सुरक्षित नीचे उतर आया।

शहडोल: छात्रावास की बदहाली से परेशान 32 छात्राएं रात 3 बजे पैदल निकलीं, 16 किमी चलकर कलेक्टर से मिलने जा रहीं थीं

बिजली आपूर्ति बहाल, ग्रामीणों को मिली राहत

ऑपरेटर के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद सब स्टेशन के बंद फीडरों को चालू कराया गया और प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली विभाग के जेई सतीश पटेल के अनुसार, कर्मचारी सेवा समाप्ति से नाराज था और इसी आक्रोश में उसने खंभे पर चढ़कर बिजली आपूर्ति बाधित कर दी थी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाया और सुरक्षित नीचे उतारा। उसे नियमानुसार काम पर बहाल करने का आश्वासन दिया गया है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts