2000 से भी ज्यादा गानों को कोरियोग्राफर कर चुकीं सरोज खान की आज 73 वीं बर्थ एनिवर्सरी है। 22 नवंबर, 1948 को जन्मी सरोज का पिछले साल 3 जुलाई को सरोज का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 40 साल के करियर में सरोज खान ने तीन बार नेशनल अवॉर्ड भी जीता। माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी, ऐश्वर्या जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों ने उन्हें अपना डांस गुरू माना। सरोज ने अपने करियर की शुरुआत महज 3 साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्म ‘नजराना’ से की थी।
सरोज खान का ये था असली नाम
सरोज खान का असली नाम निर्मला नागपाल था। उनके पिता का नाम किशनचंद सद्धू सिंह और मां का नाम नोनी सद्धू सिंह था। पार्टीशन के बाद उनका परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था।
स्कूल जाने की उम्र में हुई शादी
सरोज ने 13 साल की उम्र में ही सोहनलाल से शादी कर ली थी। दोनों की उम्र में 30 साल का फासला था। उस वक्त वे नहीं जानती थीं कि सोहनलाल पहले से शादीशुदा और 4 बच्चों के पिता हैं। सरोज खान ने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘मैं उन दिनों स्कूल में पढ़ती थी तभी एक दिन मेरे डांस मास्टर सोहनलाल ने गले में काला धागा बांध दिया था और मेरी शादी हो गई थी।’
सुपरहिट रहा फिल्मी करियर
1974 में आई ‘गीता मेरा नाम’ पहली फिल्म थी, जिसमें सरोज खान ने कोरियोग्राफ किया था। ‘मिस्टर इंडिया’ में हवा-हवाई (1987) और 1988 में आई ‘तेजाब’ में एक दो तीन डांस नंबर ने सरोज खान की किसम्त बदल दी। अपने फिल्मी करियर में उन्होंने एक से बढ़कर एक डांस नंबर दिए।
4 साल ही चली शादी
पहले बेटे को जन्म देने के समय सरोज खान को पता चला कि उनके पति की पहले शादी हो चुकी है। 1965 में उनकी दूसरे बच्चे का जन्म हुआ, जो 8 महीनों बाद ही गुजर गया। शादी के 4 साल बाद ही दोनों अलग हो गए। इस्लाम कबूलने को लेकर एक बार सरोज खान ने कहा था कि ‘मैंने अपनी मर्जी से इस्लाम अपनाया था। मुझे इस्लाम धर्म से प्रेरणा मिलती है। मुझपर कोई दवाब नहीं था।’
दो हजार गाने किए कोरियोग्राफ
40 साल के करियर में सरोज खान ने करीब दो हजार गाने कोरियोग्राफ किए। उन्होंने तीन बार नेशनल अवॉर्ड भी जीता। सरोज खान ने नच बलिए’, ‘नचले वे विद सरोज खान’, ‘बूगी-वूगी’, ‘उस्तादों के उस्ताद’, ‘झलक दिखला जा’ जैसे कई रियलिटी शो में बतौर जज बनकर नई प्रतिभाओं को सामने लाने में अपना योगदान दिया।
माधुरी दीक्षित के साथ थी आखिरी फिल्म
सरोज खान ने आखिरी गाना अप्रैल 2019 में आई करण जौहर की मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ के लिए कोरियोग्राफ किया था। इसके बोल थे ‘तबाह हो गए’। इस गाने में भी उनकी पसंदीदा एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित नजर आईं थीं। जिसके बाद 3 जुलाई, 2020 को उनका निधन हो गया था।