गुना:सांदीपनि विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के तहत कार्यक्रम, नव नियुक्त शिक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र

गुना। गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का सम्मान किया गया। अतिथियों ने गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान और जीवन में लगातार सीखते रहने की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
दो चरणों में हुआ गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन
सांदीपनि विद्यालय मॉडल गुना में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक, योग, स्वच्छता और जागरूकता आधारित गतिविधियों का भव्य समापन समारोह दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में जिला स्तरीय समापन और सम्मान समारोह हुआ, जबकि दूसरे चरण में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों के साथ गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
नव नियुक्त शिक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र
जिला स्तरीय समापन और सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पन्नालाल शाक्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने की, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, उपाध्यक्ष धरम सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिले में हाल ही में नियुक्त प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का भी सम्मान किया गया।
अतिथियों ने शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का दिया संदेश
कार्यक्रम के शुरूआत में विद्यालय के प्राचार्य ने संबोधन में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी। अतिथियों ने अपने संबोधन में गुरु के महत्व, संस्कार, अनुशासन, योग, स्वच्छता और चरित्र निर्माण पर विशेष जोर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने सांदीपनि विद्यालय की अवधारणा और उसके उद्देश्य पर प्रकाश डाला, जबकि विधायक पन्नालाल शाक्य ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में सही मार्ग चुनने और निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षक आसिफ खान, केशव दुबे और मनोहर सिलावट का शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यालय की ओर से अतिथियों और सम्मानित शिक्षकों को स्मृति स्वरूप तुलसी का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवन का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के आखिर में जिला शिक्षा अधिकारी समर सिंह राठौर ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
समारोह के दूसरे चरण में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने विद्यालय पहुंचकर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को बताया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों से संवाद किया, प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मक और नवाचारपूर्ण प्रतिभाओं की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर लगातार प्रयास करने की प्रेरणा दी और सांदीपनि विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक, तकनीकी और रचनात्मक सुविधाओं का ज्यादातर लाभ उठाने की सलाह दी।
Edited By: Rohit Sharma












