'दो करोड़ भेज दो, नहीं मिले तो जान से मार दूंगा...' सलमान खान को फिर आया धमकी भरा मैसेज

Follow on Google News
'दो करोड़ भेज दो, नहीं मिले तो जान से मार दूंगा...' सलमान खान को फिर आया धमकी भरा मैसेज
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस बार धमकी देने वाले ने दो करोड़ रुपए की मांग की है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम को मंगलवार को मैसेज आया था। जिसमें अज्ञात शख्स ने धमकी देते हुए कहा कि, अगर उसे पैसे नहीं मिले तो वो सलमान खान को जान से मार देगा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

बीते दिन यानी मंगलवार (29 अक्टूबर) को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल को एक मैसेज आया। जिसमें अज्ञात शख्स ने धमकी देते हुए 2 करोड़ रुपए की मांग की। इसके साथ ही कहा कि, अगर उसे पैसे नहीं मिले तो सलमान खान को जान से मार देगा। यह धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात शख्स के खिलाफ BNS की धारा 354 (2), 308 (4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सलमान और जीशान को धमकी देने वाला गिरफ्तार

सलमान खान को लगातार जान से मारने की धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं। इससे पहले भी सलमान खान और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 29 अक्टूबर को एक शख्स को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया था। उसने दोनों को धमकी देकर पैसों की मांग की थी। आरोपी युवक की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद तैयब अंसारी के तौर पर हुई थी। वो मूल रूप से यूपी के बरेली का रहने वाला है। अभी दिल्ली में ज्योति नगर में अपने चाचा के पास रहता था। उसके पिता ताहिर बरेली में सिलाई का काम करते हैं।

25 अक्टूबर को दी थी धमकी

25 अक्टूबर की शाम को जीशान सिद्दीकी के बांद्रा ऑफिस में मैसेज मिला था। जिसमें फिरौती नहीं देने पर सलमान खान और जीशान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। जीशान के एक कर्मचारी ने पुलिस में FIR दर्ज कराई थी।

5 करोड़ की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

बाबा सिद्दीकी की हत्या (12 अक्टूबर) के 6 दिन बाद एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल रूम को वॉट्सऐप मैसेज के जरिए यह धमकी भेजी गई। जिसमें धमकाने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का मेंबर बताते हुए लिखा था कि, इसे हल्के में मत लीजिए। सलमान खान को जिंदा रहना है और उसे लॉरेंस से दुश्मनी खत्म करनी है तो उसे 5 करोड़ रुपए देने होंगे। अगर पैसे नहीं दिए गए तो सलमान खान का हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने मैसेज भेजने वाले शेख हुसैन शेख मौसिन (24) को झारखंड के जमशेदपुर से 23 अक्टूबर को अरेस्ट किया था। वो झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला है और सब्जी बेचने का काम करता है। पूछताछ में बताया कि, उसने टीवी पर लॉरेंस बिश्नोई द्वारा सलमान खान की हत्या की धमकी की खबरें देखी थी। जिसके बाद उसे रंगदारी मांगने का ख्याल आया।

6 महीनों में दो बार बढ़ी सलमान की सुरक्षा

12 अक्टूबर: सलमान के करीबी और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई। बाबा सिद्दीकी बेटे जीशान के दफ्तर के बाहर निकले ही थे, तभी उन पर 6 गोलियां चलाई गईं। इनमें से सिद्दीकी के पेट पर 2 और सीने पर एक गोली लगी। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब 11.27 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली। 14 अप्रैल: सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस ग्रुप ने ली थी। सलमान ने घटना के दो महीने बाद मुंबई पुलिस को बयान देते हुए कहा था कि, ‘बार-बार अलग-अलग लोगों के निशाने पर आने से मैं थक गया हूं। पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, जुर्माने लगे हैं। कई केसों में फंसा हूं।’

क्या है लॉरेंस और सलमान के बीच का विवाद

सलमान खान के खिलाफ धमकियों का सिलसिला 1998 में शुरू हुआ, जब हम साथ-साथ हैं की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया। सलमान को इसके लिए जोधपुर कोर्ट ने पांच साल की सजा भी सुनाई थी, हालांकि, बाद में उन्हें इस मामले में बेल मिल गई। बिश्नोई समुदाय इस शिकार को कभी भूल नहीं पाया। इस घटना के समय लॉरेंस बिश्नोई महज पांच साल का था। उसने बॉलीवुड स्टार को अपना मिशन बना लिया और निशाना बनाया। बिश्नोई गिरोह ने समय-समय पर सलमान को जान से मारने की धमकियां दी हैं। लॉरेंस चाहता है कि काले हिरण के शिकार के मामले में सलमान खान बिश्नोई समाज से माफी मांग लें। लॉरेंस इन दिनों गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और आए दिन सलमान को जान से मारने की धमकी देता है। अप्रैल 2024 में ही सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट स्थित घर के बाहर गोलीबारी की जिम्मेदारी भी उसकी गैंग ने ही ली थी। ये भी पढ़ें- सलमान खान को धमकी देने वाला गिरफ्तार : लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद मांगी थी माफी, जमशेदपुर में बेचता है सब्जी
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts