रूस में बने गृह युद्ध के हालात : प्राइवेट आर्मी वैगनर ने की बगावत, मॉस्को में हाई अलर्ट; सड़कों पर उतरे टैंक

Follow on Google News
रूस में बने गृह युद्ध के हालात : प्राइवेट आर्मी वैगनर ने की बगावत, मॉस्को में हाई अलर्ट; सड़कों पर उतरे टैंक
मॉस्को। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। यूक्रेन से जंग में रूस का साथ देने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ने बगावत कर दी है। वैगनर ग्रुप के मुखिया येवगेनी प्रिगोझिन ने रोस्तोव शहर के कई हिस्सों पर कब्जे का दावा किया है। आशंका जताई जा रही है कि रूस में तख्तापलट हो सकता है। इसी के साथ मॉस्को हाई-अलर्ट पर है। क्रेमलिन की सुरक्षा के लिए टैंकों की तैनाती किए जाने की सूचना मिली है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है।

प्रिगोझिन ने क्यों की बगावत

दरअसल, रूस और वैगनर के बीच तल्खी यूक्रेन के बाखमुत में प्राइवेट आर्मी के ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक के बाद शुरू हुई। प्रिगोझिन ने यूक्रेन में वैगनर ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल हमले के लिए क्रेमलिन को दोषी ठहराया है। इस हमलें में दर्जनों वैगनर लड़ाकू मारे गए थे। अब समूह के सरगना ने बदला लेने की ठान ली है। रूस से जुड़े लड़ाकू समूह के सरगना येवगेनी प्रिगोझिन ने मॉस्को को सजा देने और बदला लेने की कसम खाई है।

प्रिगोजिन पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप

वहीं रूस ने शनिवार को वैगनर हेड प्रिगोजिन पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगाया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को वैगनर बॉस येवगेनी प्रिगोझिन के सशस्त्र तख्तापलट के प्रयास के बारे में नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है।

यह सैन्य तख्तापलट नहीं, न्याय का मार्च है : प्रिगोझिन

प्रिगोझिन ने अपने प्रवक्ताओं द्वारा जारी ऑडियो संदेशों की एक सिरीज में कहा, "उन्होंने (रूस की सेना) हमारे शिविरों पर मिसाइल हमले किए जिससे बड़ी संख्या में हमारे लड़ाके, हमारे साथी मारे गए। पीएमसी वैगनर के कमांडरों की परिषद ने एक निर्णय लिया है - देश का सैन्य नेतृत्व जो बुराई लाता है उसे रोका जाना चाहिए। जो कोई भी प्रतिरोध करेगा - हम इसे खतरा मानेंगे और इसे तुरंत नष्ट कर देंगे। हमें इस समस्या को खत्म करने की जरूरत है। यह कोई सैन्य तख्तापलट नहीं है, बल्कि न्याय का मार्च है।"

हमारे पास 25 हजार लड़ाकों की फौज: प्रिगोझिन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिगोजिन ने कहा- रूसी सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए हमारे सैनिक आखिरी हद तक जाएंगे। हमारे पास 25 हजार लड़ाकों की फौज है। हम अपनी मातृभूमि और रूसी नागरिकों के लिए खड़े हैं। हमने अपना लक्ष्य तय कर रखा है और हम मरने के लिए भी तैयार हैं। अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts