PlayBreaking News

अमेरिका में फिर गोलीबारी :हाई स्कूल हॉकी मैच के बीच चलीं गोलियां, 2 लोगों की मौत; शूटर ने खुद को भी मारी गोली

अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य में हाई स्कूल आइस हॉकी मैच के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली। घटना को ‘टारगेटेड अटैक’ बताया जा रहा है, जिसमें तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
Follow on Google News
हाई स्कूल हॉकी मैच के बीच चलीं गोलियां, 2 लोगों की मौत; शूटर ने खुद को भी मारी गोली
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। ताजा मामला रोड आइलैंड का है, जहां सोमवार दोपहर एक हाई स्कूल आइस हॉकी मैच के दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं। यह घटना पॉवकेट शहर स्थित डेनिस एम. लिंच एरिना के अंदर हुई, जहां बड़ी संख्या में खिलाड़ी, छात्र और उनके परिवार मौजूद थे।

    फायरिंग के दौरान एरिना में भगदड़ मच गई। खिलाड़ी अपनी जान बचाने के लिए बेंच और बोर्ड के पीछे छिपते नजर आए, जबकि दर्शक अपनी सीटें छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे।

    3 की मौत, हमलावर ने खुद को भी मारी गोली

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गोलीबारी में कुल तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो आम नागरिक और एक संदिग्ध हमलावर शामिल है। हमलावर की मौत खुद को मारी गई गोली से हुई है। पॉवकेट पुलिस प्रमुख टीना गोंकाल्वेस ने मीडिया को बताया कि, पुलिस ने हमलावर को गोली नहीं मारी। शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि, हमलावर ने खुद ही आत्महत्या की है।

    तीन घायलों की हालत गंभीर

    फायरिंग में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

    पुलिस बोली- टारगेट बनाकर किया गया हमला

    पुलिस प्रमुख टीना गोंकाल्वेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, शुरुआती जांच में यह मामला टारगेटेड अटैक का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि, इस हमले के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि, फिलहाल हमलावर और मृतकों की उम्र या पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन ऐसा लगता है कि मारे गए दोनों लोग वयस्क थे।

    सीनियर नाइट के जश्न के बीच गोलीबारी

    पुलिस के मुताबिक, जिस वक्त गोलीबारी हुई, उस समय दोनों टीमें सीनियर नाइट मना रही थीं। यह कार्यक्रम आमतौर पर खिलाड़ियों के लिए भावनात्मक और उत्सवपूर्ण होता है, जिसमें परिवार और दोस्त बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।

    मैच के लाइव स्ट्रीम फुटेज में देखा गया कि, जैसे ही एक टीम डिफेंस से पक निकालने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। रेफरी ने तुरंत सीटी बजाकर मैच रोक दिया और खिलाड़ी बर्फ से बाहर निकलने लगे। कुछ ही सेकंड में दोनों टीमें बोर्ड के ऊपर से कूदते हुए दूसरी ओर बने एग्जिट गेट की तरफ भागीं।

    एरिना के बाहर दिखा भावुक दृश्य

    घटना के बाद एरिना के बाहर बेहद भावुक दृश्य देखने को मिले। रोते-बिलखते परिवार एक-दूसरे को संभालते नजर आए। हाई स्कूल के हॉकी खिलाड़ी अपनी यूनिफॉर्म में ही बसों में बैठने से पहले एक-दूसरे को गले लगाते दिखे।

    पुलिस की भारी मौजूदगी के कारण एरिना के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया गया। ऊपर से हेलीकॉप्टर लगातार इलाके की निगरानी करते रहे।

    मेयर बोले- खुशी का माहौल डर में बदल गया

    पॉवकेट के मेयर डोनाल्ड आर. ग्रेबिएन ने इस घटना को बेहद डरावना अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि, ये हाई स्कूल के बच्चे थे। उनके परिवार उन्हें खेलते देखने आए थे। एक खुशी का माहौल अचानक डर और दहशत में बदल गया।

    स्कूल प्रशासन बोला- सभी छात्र सुरक्षित

    कोवेंट्री पब्लिक स्कूल डिस्ट्रिक्ट के सुपरिंटेंडेंट डॉन कोवार्ट ने बयान जारी कर कहा कि, उनकी हॉकी टीम के सभी छात्र सुरक्षित हैं और उनके साथ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। वहीं नॉर्थ स्मिथफील्ड हाई स्कूल के प्रिंसिपल डैन गेराग्टी ने कहा कि, यह खबर दिल तोड़ने वाली है। 

    छात्रों को काउंसलिंग सुविधा देने की तैयारी

    पुलिस प्रमुख ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां स्कूल प्रशासन के साथ मिलकर छात्रों और परिवारों को काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने कहा कि, इस तरह की घटनाओं का मानसिक असर बच्चों पर देर से भी सामने आ सकता है।

    दो महीने पहले भी हुआ था हमला

    यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब करीब दो महीने पहले ही रोड आइलैंड की ब्राउन यूनिवर्सिटी में भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी। उस हमले में दो छात्रों की मौत हुई थी और नौ लोग घायल हुए थे।

    जांच अधिकारियों के मुताबिक, उस मामले में हमलावर ने बाद में न्यू हैम्पशायर के सालेम इलाके में एक स्टोरेज फैसिलिटी के अंदर खुद को गोली मार ली थी। इससे पहले उसने MIT के एक प्रोफेसर की भी हत्या की थी।

    अमेरिका में बढ़ती गोलीबारी पर फिर उठे सवाल

    इस ताजा घटना ने अमेरिका में स्कूलों और सार्वजनिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाई स्कूल स्तर के खेल आयोजनों में इस तरह की हिंसा ने अभिभावकों और समुदायों की चिंता बढ़ा दी है।

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, गवाहों से पूछताछ जारी है और एरिना के सभी वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमले के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।

    अमेरिका में हालिया बड़ी गोलीबारी की घटनाएं

    8 जनवरी 2026- मिनियापोलिस: ICE एजेंट की फायरिंग में एक महिला की मौत, जांच में DHS शामिल।

    27 नवंबर 2025- व्हाइट हाउस के पास: FBI के अनुसार 2 नेशनल गार्ड घायल।

    29 सितंबर 2025- मिशिगन: चर्च में गोलीबारी में 4 की मौत, आगजनी की घटना भी सामने आई।

    यह भी पढ़ें: Epstein Files ; 'क्या मेरे साथ बच्चे पैदा करोगी' अब इस महिला के नाम ने मचाई सनसनी, ईमेल गंदे शब्दों से भरा मिला

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts