ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP Latest News : रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मनोज श्रीवास्तव बने नए राज्य निर्वाचन आयुक्त, बसंत प्रताप सिंह का कार्यकाल हुआ खत्म

भोपाल। रिटायर्ड अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव को मध्यप्रदेश का नया राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार शाम को इस संबंध में आदेश जारी किए। श्रीवास्तव ने बसंत प्रताप सिंह का स्थान लिया, जिनका छह माह का अतिरिक्त कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो गया।

और भी नाम थे दावेदार

इस पद पर नियुक्ति के लिए कई नामों पर विचार किया गया, जिनमें पूर्व मुख्य सचिव वीरा राणा और रिटायर्ड एसीएस मलय श्रीवास्तव प्रमुख दावेदार थे। हालांकि अंतिम निर्णय मनोज श्रीवास्तव के पक्ष में हुआ।

वीरा राणा का आदेश अंतिम समय पर रुका

30 सितंबर को पूर्व मुख्य सचिव वीरा राणा के सेवानिवत्ति के दिन उन्हें राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाने का आदेश लगभग जारी होने वाला था। इसको लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारी भी पूरी कर ली थी। बीपी सिंह ने अपने कार्यकाल के समाप्ति की जानकारी देते हुए स्टाफ को हाई-टी भी दी थी। हालांकि, अनुराग जैन को मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने के बाद समीकरण बदल गए। इसके कारण वीरा राणा को राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाए जाने का फैसला टल गया।

छह माह के अतिरिक्त कार्यकाल के बाद बीपी सिंह का कार्यकाल समाप्त

पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह का कार्यकाल 30 जून 2024 को समाप्त हो गया था। सरकार ने तब किसी नए आयुक्त की नियुक्ति न करते हुए सिंह को छह महीने के लिए पद पर बने रहने का आदेश दिया था। यह अतिरिक्त अवधि 31 दिसंबर को समाप्त हुई, जिसके बाद राज्य सरकार ने नए आयुक्त की नियुक्ति का निर्णय लिया।

1987 बैच के आईएएस अधिकारी हैं मनोज श्रीवास्तव

1987 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज श्रीवास्तव मध्यप्रदेश कैडर से हैं। अप्रैल 2021 में उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्ति ली। वर्तमान में वे राज्य सरकार द्वारा गठित प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के सदस्य भी हैं। उन्होंने इंदौर कलेक्टर और जनसंपर्क आयुक्त के रूप में सेवाएं देने के साथ ही, सीएम सचिवालय में सचिव और प्रमुख सचिव के रूप में कार्य किया। वो वाणिज्यिक कर विभाग, पशुपालन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी पदासीन रहे।

ये भी पढ़ें- Happy New Year 2025 : न्यूजीलैंड से शुरू हुआ नए साल का जश्न, ऑकलैंड के स्काई टॉवर पर हुई आतिशबाजी, जानिए क्यों दुनिया अलग-अलग समय पर करती है सेलिब्रेट

 

संबंधित खबरें...

Back to top button