क्रिकेटखेलताजा खबर

सूर्यकुमार के तूफान में उड़ा आरसीबी, मुंबई इंडियन्स तीसरे स्थान पर पहुंचा

आईपीएल 2023 : मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया

मुंबई। सूर्यकुमार यादव और नेहल वढेरा के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट की शतकीय साझेदारी से मुंबई इंडियन्स मंगलवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को छह विकेट से हराकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया।

मुंबई इंडियंस ने आरसीबी के 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यकुमार (35 गेंद में 83 रन, सात चौके, छह छक्के) और वढेरा (34 गेंद में 52* रन, चार चौके, तीन छक्के) के बीच 66 गेंद में 140 रन की साझेदारी से 21 गेंद शेष रहते चार विकेट पर 200 रन बनाकर जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज इशान किशन (21 गेंद में 42 रन, चार चौके, चार छक्के) ने भी ताबड़तोड़ पारी खेली। इस जीत से मुंबई इंडियन्स के 11 मैच में 12 अंक हो गए हैं और टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। आरसीबी की टीम 11 मैच में 10 अंक के साथ सातवें स्थान पर खिसक गई है और उसकी प्ले ऑफ में जगह बनाने की राह मुश्किल हो गई है।

आरसीबी ने इससे पहले ग्लेन मैक्सवेल (33 गेंद में 68 रन, आठ चौके, चार छक्के) और कप्तान फाफ डुप्लेसी (41 गेंद में 65 रन, पांच चौके, तीन छक्के) के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट की 62 गेंद में 120 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 199 रन बनाए। इन दोनों के अलावा दिनेश कार्तिक (30) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। मुंबई की ओर से जेसन बेहरेनडोर्फ सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 36 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कैमरन ग्रीन, कुमार कार्तिकेय और क्रिस जोर्डन ने भी एक-एक विकेट चटकाया। जोर्डन हालांकि काफी महंगे रहे।

उन्होंने चार ओवर में 48 रन लुटाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को किशन ने कप्तान रोहित शर्मा के साथ 4.4 ओवर में 51 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई। किशान ने मोहम्मद सिराज की पारी की पहली गेंद पर ही चौके के साथ खाता खोला और फिर अगले ओवर में जोश हेजलवुड पर भी लगातार दो चौके मारे। इशान ने सिराज के अगले ओवर में भी लगातार दो छक्के मारे। उन्होंने वानिंदु हसरंगा (53 रन पर दो विकेट) का स्वागत एक चौके और एक छक्के के साथ किया लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर अनुज रावत को कैच दे बैठे।

संबंधित खबरें...

Back to top button