राम चरण से मिलते ही भावुक हुआ फैन :स्टेज पर दौड़कर पहुंचा था, बॉडीगार्ड ने उठाकर बाहर किया

एंटरटेनमेंट डेस्क। राम चरण और जाह्नवी कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन इवेंट के दौरान एक अप्रत्याशित घटना देखने को मिली। विजयवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में एक फैन अचानक सुरक्षा घेरा तोड़कर स्टेज की ओर दौड़ पड़ा। इस दौरान स्टेज पर मौजूद जाह्नवी कपूर घबरा गईं, जबकि सुरक्षा टीम ने तुरंत हालात संभाल लिए।
स्टेज की तरफ दौड़ा फैन, सुरक्षा टीम ने तुरंत रोका
मंगलवार को राम चरण और जाह्नवी कपूर फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन के लिए विजयवाड़ा पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान एक फैन, जो काफी हद तक राम चरण जैसा दिख रहा था, अचानक तेजी से स्टेज की तरफ भागने लगा।
फैन को देखते ही सुरक्षा टीम हरकत में आ गई। राम चरण के पर्सनल बॉडीगार्ड और MMA फाइटर केविन कुंटा ने तुरंत उसे पकड़ लिया और स्टेज तक पहुंचने से पहले ही बाहर ले गए। घटना कुछ ही सेकेंड की थी, लेकिन इससे इवेंट में हलचल मच गई।
यह भी पढ़ें: मनोज वाजपेयी बोले- देश को आर्थिक संकट से उबारने वालों के बारे में कोई नहीं जानता
जाह्नवी कपूर के चेहरे पर दिखी घबराहट
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि फैन के अचानक करीब आने से जाह्नवी कपूर काफी असहज हो गईं। वे अपनी सीट पर सहमी हुई नजर आईं और कुछ पल के लिए स्थिति को समझने की कोशिश करती दिखीं।
घटना के बाद आयोजकों ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी। स्टेज के आसपास पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई, ताकि कार्यक्रम बिना किसी परेशानी के पूरा किया जा सके।
कौन हैं केविन कुंटा?
राम चरण के बॉडीगार्ड केविन कुंटा इन दिनों चर्चा में हैं। ‘पेद्दी’ प्रमोशन इवेंट में उन्होंने तेजी दिखाते हुए स्टेज की ओर भाग रहे फैन को रोक लिया था। केविन कुंटा की इंस्टाग्राम प्रोफाइल के मुताबिक, वह मूल रूप से अफ्रीकी देश गैंबिया के रहने वाले हैं और फिलहाल इटली के फ्लोरेंस शहर में रहते हैं। वह खुद को इंटरनेशनल प्रोफेशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर बताते हैं।
खेल रिकॉर्ड्स के अनुसार, उनका असली नाम अब्दू कादिर सोवे है। उनका जन्म 1998 में गैंबिया में हुआ था। उन्हें ‘मामा लामिन ऑफ बारा’ नाम से भी जाना जाता है, जो गैंबिया रेसलिंग एसोसिएशन से जुड़ी पहचान मानी जाती है। बॉडीगार्ड बनने के साथ-साथ केविन ने MMA की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत मौजूदगी है और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 82 हजार फॉलोअर्स हैं।
हर महीने कितनी कमाई करते हैं?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राम चरण के बॉडीगार्ड केविन कुंटा सुरक्षा सेवाओं के लिए दिन के हिसाब से फीस लेते हैं। बताया जाता है कि वह एक दिन का करीब 2 लाख से 4 लाख रुपए तक चार्ज करते हैं।
अगर इसी हिसाब से देखा जाए, तो उनकी मासिक कमाई करीब 60 लाख रुपए से 1 करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है। हालांकि, उनकी फीस को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
बाद में राम चरण ने फैन से की मुलाकात
इस घटना के बाद राम चरण ने मानवीय पहल दिखाते हुए उस फैन से अलग से मुलाकात की। पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई इस मुलाकात के दौरान फैन काफी भावुक नजर आया और रोता हुआ दिखाई दिया।
राम चरण ने उसे शांत किया, आराम से बात की और उसकी भावनाओं को समझने की कोशिश की। उन्होंने फैन के साथ सेल्फी भी ली, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
यह भी पढ़ें: Badshah's Club Seal : चंडीगढ़ में रैपर बादशाह का क्लब 'सागो' सील, नोटिस के जवाब में लापरवाही पर एक्शन
जानें फिल्म ‘पेद्दी’ के बारे में
पेद्दी एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी खेल के जरिए अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म को बुच्ची बाबू सना ने लिखा और डायरेक्ट किया है।
इसका निर्माण वेंकट सतीश किलारू ने वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले किया है, जबकि मैत्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स इसे प्रेजेंट कर रहे हैं। फिल्म में राम चरण, जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, दिव्येंदु और जगपति बाबू अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। पेद्दी 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।











