Rajya Sabha Election :बंगाल की 3 राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई को वोटिंग, TMC सांसदों के इस्तीफे के बाद चुनाव का ऐलान

पश्चिम बंगाल की तीन खाली राज्यसभा सीटों पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। ये सीटें तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तीन राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। आयोग के मुताबिक, 24 जुलाई को मतदान होगा और उसी दिन शाम को मतगणना कर परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
जानिए पूरा चुनाव कार्यक्रम
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 7 जुलाई को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 17 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।
क्या है इन सीटों का राजनीतिक गणित?
इन तीन सीटों के चुनाव पर सभी की नजर रहेगी, क्योंकि इनके नतीजों का असर राज्यसभा की संख्या पर भी पड़ सकता है। राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि इन सीटों पर मुकाबला दिलचस्प होगा। यदि बीजेपी तीनों सीटें जीतने में सफल रहती है, तो राज्यसभा में एनडीए की संख्या और मजबूत हो सकती है।
सबसे पहले सुखेंदु शेखर रॉय ने दिया था इस्तीफा
टीएमसी छोड़ने वाले पहले राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय थे। उन्होंने 8 जून को पार्टी और राज्यसभा दोनों से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे में उन्होंने पार्टी में भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा और नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि पार्टी में ईमानदारी से काम करने वाले नेताओं की अनदेखी की जा रही है, जबकि विवादित लोगों को महत्व दिया जा रहा है।
सुष्मिता देव ने भी छोड़ी टीएमसी
सुखेंदु शेखर रॉय के बाद 10 जून को सुष्मिता देव ने भी टीएमसी से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने दिल्ली में असम के मुख्यमंत्री Himanta Biswa Sarma से मुलाकात की। इसके बाद उनके बीजेपी में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गईं। यह भी माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें असम से राज्यसभा भेज सकती है।
कांग्रेस से टीएमसी तक का सफर
असम के सिलचर की रहने वाली सुष्मिता देव 2014 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार लोकसभा सांसद बनी थीं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री Santosh Mohan Dev की बेटी हैं। कांग्रेस में वह महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। साल 2021 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर टीएमसी का दामन थामा था, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था।
प्रकाश चिक बराइक ने भी दिया इस्तीफा
टीएमसी से इस्तीफा देने वाले तीसरे राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक थे। उन्होंने 11 जून को अपना इस्तीफा दिया। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे में न तो पार्टी नेतृत्व पर कोई आरोप लगाया और न ही टीएमसी की आलोचना की। उनके इस्तीफे के बाद ही राज्यसभा की तीनों सीटें खाली हुईं, जिन पर अब 24 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।











