
आज से 31 साल पहले दक्षिण भारत के तमिलनाडु में 21 मई को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। उनकी 31वीं पुण्यतिथि पर दिल्ली में राजीव गांधी के समाधि स्थल वीर भूमि पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने सुबह श्रद्धांजलि दी। वहीं, राहुल गांधी ने पिता को याद कर एक वीडियो शेयर किया।
पिता को याद कर भावुक हुए राहुल
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर कर लिखा कि, उनके पिता दूरदर्शी नेता थे जिनकी नीतियों ने आधुनिक भारत को आकार देने में मदद की। वे एक दयालु इंसान थे और मेरे और प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता, जिन्होंने हमें क्षमा और सहानुभूति का महत्व सिखाया। मुझे उनकी बहुत याद आती है… हम दोनों ने साथ में जो समय बिताया है, उसे याद करता हूं। इस वीडियो को प्रियंका गांधी ने भी रिट्वीट किया है।
My father was a visionary leader whose policies helped shape modern India.
He was a compassionate & kind man, and a wonderful father to me and Priyanka, who taught us the value of forgiveness and empathy.
I dearly miss him and fondly remember the time we spent together. pic.twitter.com/jjiLl8BpMs
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 21, 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।’
आत्मघाती बम धमाके में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या
भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी की 21 मई 1991 को एक आतंकी हमले में हत्या कर दी गई थी। दक्षिण भारत के तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव का प्रचार करने के दौरान राजीव गांधी के पास एक महिला फूलों का हार लेकर पहुंची थी, जिसने राजीव के करीब जाकर खुद को बम से उड़ा दिया था। धमाके में राजीव और हमलावर धनु समेत 16 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि 45 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री
राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में श्रीलंका में शांति सेना भेजी थी, जिससे तमिल विद्रोही संगठन लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) उनसे नाराज चल रहा था। जिसके बाद 1991 में चेन्नई के पास श्रीपेरम्बदूर में लिट्टे ने राजीव पर आत्मघाती हमला करवाया। 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने। राजीव जब प्रधानमंत्री बने, तब उनकी उम्र महज 40 साल थी। वे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे।
ये भी पढ़ें- कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने माना- कांग्रेस अंदरूनी कलह से जूझ रही, पाकिस्तान से की भारत की तुलना