
राजस्थान के उदयपुर जिले में एक ही परिवार के 6 लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। मृतकों में 4 बच्चे और उनके माता-पिता शामिल है। झाडोली के पास गोल नेड़ी गांव में पुलिस को 6 शव मिले हैं। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फंदे पर लटके मिले तीन बच्चे
मरने वालों में 4 बच्चे और एक दंपती शामिल है। इनमें प्रकाश (40), दुर्गा (35), गणेश (5), पुष्कर (4), रोशन (2), गंगाराम (4 महीने) शामिल हैं। तीन बच्चे फंदे पर लटके मिले, जबकि महिला अपने 4 महीने के बच्चे के साथ बिस्तर पर मृत मिली। फंदा ओढ़नी का बनाया गया था। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में लग रहा है कि परिवार के ही मुखिया ने सभी को मारकर खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
भाई के गेट खोलने पर सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रकाश के घर के सामने ही उसके छोटे भाई दुर्गाराम का घर है। सुबह करीब 8:30 बजे तक दरवाजा नहीं खुलने पर छोटे भाई ने घर के अंदर जाकर देख तो वहां शव पड़े मिले। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
तीन महीने पहले गुजरात से लौटा था घर का मुखिया
जानकारी के मुताबिक, मृतक प्रकाश तीन महीने पहले ही गुजरात के सूरत से लौटा था। वह वहां रसोई में साफ-सफाई का काम करता था। प्रकाश काफी समय से बीमार चल रहा था। इस वजह से वह काम पर वापस नहीं लौटा था। पुलिस को शक है कि आर्थिक तंगी के कारण प्रकाश ने बच्चों को फंदे से लटकाया और उसके बाद खुद पत्नी के साथ आत्महत्या कर ली।