
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात दर्दनाक हादसा हो गया। मैजिक वाहन और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बता दें कि मरने वालों में एक बच्ची भी शामिल है। वहीं 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कहां हुआ हादसा ?
जानकारी के मुताबिक, रायसेन से 22 किलोमीटर दूर भोपाल रोड टेडिया पुल के पास ये हादसा हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों को चीखने की आवाजें सुनाई दी। जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घायलों को भोपाल रेफर किया
घटना की जानकारी मिलते ही खरवई चौकी पुलिस और रायसेन जिला मुख्यालय से तहसीलदार मौके पर पहुंचे। 108 एम्बुलेंस के चालक ने वाहन में दबे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को भोपाल भेजा है। मृतकों को रायसेन जिला अस्पताल भेजा है।
CM शिवराज ने जताया शोक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 5 लोगों के असमय निधन पर ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। लिखा- रायसेन के उमरावगंज थाना क्षेत्र के टेडिया पुल के पास सड़क दुर्घटना में कई अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन व घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने व घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ऊँ शांति।
ये भी पढ़ें- उज्जैन : कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत से 2 लोगों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम