Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गरीबों की जमीन पर दबंगों का कब्जा बर्दाश्त नहीं! विधायक सुदेश राय बोले- कलेक्टर साहब, तत्काल हटवाइए अवैध कब्जे

बरखेड़ा हसन में समस्या निवारण शिविर के दौरान विधायक सुदेश राय ने गरीबों की जमीनों पर कथित अवैध कब्जों का मुद्दा उठाया। कलेक्टर से कब्जे हटवाने और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
गरीबों की जमीन पर दबंगों का कब्जा बर्दाश्त नहीं! विधायक सुदेश राय बोले- कलेक्टर साहब, तत्काल हटवाइए अवैध कब्जे
सीहोर में गरीबों की जमीन पर कब्जे का मुद्दा गरमाया

सीहोर। गरीबों की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और लंबित शिकायतों का मुद्दा बरखेड़ा हसन में आयोजित मुख्यमंत्री समस्या निवारण शिविर में प्रमुखता से उठा। विधायक सुदेश राय ने कलेक्टर बालागुरू के. के सामने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वास्तविक हकदार गरीबों की जमीनों पर दबंगों ने कब्जा कर रखा है। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई कर जमीनों को कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने तहसीलदारों को निर्देश देने और पुलिस अधिकारियों से भी संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

दबंगई नहीं चलेगी, गरीबों को मिले उनका हक

विधायक सुदेश राय ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जमीनों पर अवैध कब्जे से जुड़े कई मामले लंबित हैं। पीड़ित लोग अपनी शिकायतें लेकर उनके पास पहुंच रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। राजस्व विभाग के अधिकारी मामलों की जांच करें और जहां अवैध कब्जा प्रमाणित हो, वहां नियमानुसार जमीन खाली कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को प्रभाव या दबंगई के दम पर दूसरे के अधिकारों का हनन करने की छूट नहीं मिलनी चाहिए।

तहसीलदारों को निर्देश देने और पुलिस कार्रवाई की मांग

विधायक ने कहा कि जमीन संबंधी शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। संबंधित तहसीलदारों को लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर वास्तविक स्थिति की जांच करनी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कदम उठाने की बात कही। अब इन शिकायतों पर प्रशासन किस तरह कार्रवाई करता है और पीड़ितों को कब तक राहत मिलती है, यह महत्वपूर्ण होगा।

PU Special : एमपी के लीडर डॉ. मोहन यादव, शिवराज सिंह, उमा भारती और दिग्विजय सिंह टाइम मैनेजमेंट, पॉजिटिविटी, योग-मेडिटेशन से रहते हैं स्ट्रेसफ्री

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए योजनाओं का उल्लेख

विधायक सुदेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री प्रसूति सहायता योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जरूरी है।

किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

उन्होंने किसान कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनना और उनका समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

आयुक्त, प्रमुख सचिव, कलेक्टर और एसपी भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर और भ्रमण कार्यक्रम में भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा, खनिज विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल, कलेक्टर बालागुरू के. और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली।

PU Special : एमपी में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर AI से नजर, एक महीने में RF टैग लगाना अनिवार्य

ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश

शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। अब जमीनों पर कथित अवैध कब्जे की शिकायतों के मामले में राजस्व और पुलिस विभाग की कार्रवाई पर नजर रहेगी। पीड़ितों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब जांच के बाद पात्र लोगों को उनकी जमीन का अधिकार दिलाने के लिए नियमानुसार ठोस कदम उठाए जाएंगे।

EDIT BY: ADITI RAWAT

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts