ताजा खबरराष्ट्रीय

अडाणी ग्रुप पर राहुल का हमला : ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह काम कर रही अडाणी की कंपनी, देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर को पहुंचा रही नुकसान

नवा रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को एक बार फिर कारोबारी गौतम अडाणी और पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने अडाणी की कंपनी की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से की। कहा कि सच सामने आने तक कांग्रेस गौतम अडाणी के बारे में सवाल पूछती रहेगी।

राहुल ने कहा- अडाणी जी कंपनी में जो लोग काम कर रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि ये कंपनी देश को नुकसान पहुंचा रही है। ये पूरे देश के इन्फ्रास्ट्रक्चर को छीन रही है। आजादी की लड़ाई भी ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ हुई थी। उस कंपनी ने भी हिंदुस्तान का सारा इन्फ्रास्ट्रक्चर उठा लिया था। इतिहास रिपीट हो रहा है। ये देश के खिलाफ काम हो रहा है। अगर देश के खिलाफ काम होगा तो कांग्रेस पार्टी लड़ जाएगी।

पूरी दौलत हड़पकर अडाणी देश के खिलाफ काम कर रहे

राहुल ने संसद में उद्योगपति का समर्थन करने के लिए भाजपा (BJP) नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। राहुल ने कहा कि पार्टी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के माध्यम से शुरू की गई ‘तपस्या’ को आगे बढ़ाने के लिए एक नई योजना तैयार करनी चाहिए। मैं पूरे देश के साथ इसमें शामिल रहूंगा। इसके साथ ही उन्होंने इस तरह की एक अन्य यात्रा का संकेत दिया। अडाणी मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी दौलत हड़पकर अडाणी देश के खिलाफ काम कर रहे थे।

संसद में हमारा सवाल ही हटा दिया गया

राहुल ने पार्टी के 85वें अधिवेशन में संबोधन में कहा- जब हमने संसद में पूछा कि प्रधानमंत्री का अडाणी से क्या संबंध है तो हमारा पूरा भाषण कार्यवाही से हटा दिया गया? हम संसद में हजारों बार पूछेंगे जब तक अडाणी जी का सच सामने नहीं आता, हम रुकेंगे नहीं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- मैं अडाणी को बताना चाहता हूं कि उनकी कंपनी देश को ‘नुकसान’ पहुंचा रही है और ‘देश की पूरी अवसंरचना को हड़प’ रही है। देश की आजादी की लड़ाई एक कंपनी के खिलाफ थी, क्योंकि उसने देश की समूची दौलत और बंदरगाहों आदि पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने कहा- इतिहास दोहराया जा रहा है। यह देश विरोधी काम है और अगर ऐसा होता है तो पूरी कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ खड़ी होगी।’राहुल ने यह भी कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अडाणी के संबंधों पर सवाल पूछती रहेगी। हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी समूह के खिलाफ फर्जी तरीके से लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर सहित कई आरोप लगाए थे। अडाणी समूह ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा कि उसने सभी कानूनों और प्रावधानों का पालन किया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button