Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'ये शिव का डांस, 200 अधिकारी संपर्क में', राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाते

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए 200 सरकारी अधिकारियों के संपर्क में होने का दावा किया। जानिए चलो दिल्ली मार्च से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने क्या-क्या कहा।
'ये शिव का डांस, 200 अधिकारी संपर्क में', राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाते

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना रुख और आक्रामक कर दिया है। सोमवार, 12 अक्टूबर को 'चलो दिल्ली मार्च' से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार के 200 अधिकारी उनके संपर्क में हैं और उन्हें अलग-अलग विभागों से जानकारी दे रहे हैं। राहुल ने ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके बारे में जानकारी मिल रही है और वे रात को सो नहीं पाते। उन्होंने साफ कहा कि यह विरोध प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है।

1. 'ये शिव का डांस है, कोई प्लान नहीं है'

राहुल गांधी से जब पूछा गया कि ज्ञानेश कुमार के बाद उनका अगला कदम क्या होगा और क्या वे सरकार बदलने की बात भी कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उनकी बहन प्रियंका गांधी से इस बारे में बातचीत हुई थी। राहुल ने कहा, 'ये शिव का डांस है, शिव बारात है। कोई प्लान नहीं है।' उन्होंने बताया कि पहले बस से जाने की योजना थी और उन्हें रोके जाने की आशंका थी। इसके बावजूद उन्होंने बिना किसी खास योजना के आगे बढ़कर काम किया और उन्हें सफलता मिली। उनके मुताबिक, यह आंदोलन इसी तरह आगे बढ़ेगा और इसमें कोई भी शामिल हो सकता है।

2. सभी दलों और आम लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील

राहुल गांधी ने सभी राजनीतिक दलों, आम लोगों, पत्रकारों और एक्टिविस्ट से 'चलो दिल्ली मार्च' में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता भी इसमें शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग खुलकर उनके साथ नहीं आ सकते, वे मन से उनके साथ आ सकते हैं। इंडिया गठबंधन का यह मार्च सोमवार दोपहर 1:30 बजे दिल्ली के बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक जाने वाला है।

Breaking News

3. सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे राहुल गांधी

मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की ओर से मुलाकात नहीं करने के फैसले पर राहुल गांधी ने कहा कि वे चीफ जस्टिस और सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से याचिका दाखिल करने का रास्ता बताया गया है। राहुल के मुताबिक, अब वे सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और याचिका दाखिल करेंगे।

4. ज्ञानेश कुमार को लेकर राहुल गांधी ने क्या कहा?

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनके व्यवहार पर लाखों लोग सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के बारे में उनके पास जानकारी है और उनके भ्रष्टाचार से जुड़ी जानकारी भी मौजूद है। राहुल ने कहा कि यह विरोध रुकने वाला नहीं है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें हटाने के लिए लोग लगातार आवाज उठा रहे हैं।

5. 'नरेंद्र मोदी की पूरी ब्लूप्रिंट हमारे पास'

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उनके पास मोदी की पूरी 'ब्लूप्रिंट' और 'जन्मपत्री' है। राहुल ने कहा कि यह लड़ाई राहुल गांधी या नरेंद्र मोदी की नहीं, बल्कि संविधान को बचाने की है। उनके मुताबिक, इस लड़ाई में किसी व्यक्ति से ज्यादा महत्व देश और संविधान का है।

Featured News

6. 'दिल्ली को जेल क्यों बनाया जा रहा है?'

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ट्रेन और बसों को रोका जा रहा है और यात्रियों को उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है। राहुल के मुताबिक, वे चाहते हैं कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात हों, ताकि देश देख सके कि सरकार क्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है।

7. 'सरकार के 200 अधिकारी हमारे संपर्क में'

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए दावा किया कि केंद्र सरकार के 200 अधिकारी उनके संपर्क में हैं और उन्हें जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और मंत्रालयों में काम करने वाले अधिकारी उन्हें सूचनाएं दे रहे हैं। हालांकि, यह राहुल गांधी का दावा है।

8. ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने और सरकारी गवाह बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार से गलती हुई है, लेकिन उनके मुताबिक वे इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता नहीं हैं।

ज्ञानेश कुमार को लेकर मोदी सरकार पर क्यों भड़के अभिजीत दीपके? दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

9. 'मैसेज आते हैं और वो प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे हैं'

जब राहुल गांधी से पूछा गया कि क्या ज्ञानेश कुमार ने उनसे संपर्क करने या अपना संदेश पहुंचाने की कोशिश की है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें मैसेज आते हैं। राहुल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे हैं। हालांकि, उन्होंने मैसेज के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।

10. 'सभी विरोध प्रदर्शन एक ही हैं'

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अलग-अलग जगह हो रहे प्रदर्शनों पर राहुल गांधी ने कहा कि ये अलग-अलग या समानांतर विरोध प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि सभी एक ही विरोध का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य स्पष्ट है और इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि प्रदर्शन में शामिल व्यक्ति किस संगठन से जुड़ा है। राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोप, केंद्र सरकार के अधिकारियों के संपर्क में होने का दावा और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने की बात प्रमुख रही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 'चलो दिल्ली मार्च' के जरिए विरोध जारी रहेगा।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts