राष्ट्रीय

दिग्विजय के बयान से सहमत नहीं राहुल गांधी, कहा- सेना को सबूत दिखाने की जरूरत नहीं, हमें आर्मी पर पूरा भरोसा है

जम्मू। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ इस समय जम्मू कश्मीर में है। राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह और उनकी पार्टी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ पर दिग्विजय सिंह के बयान से सहमत नहीं हैं और सशस्त्र बलों को कोई सबूत दिखाने की जरूरत नहीं है। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने सोमवार को ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ पर सवाल उठाया था और सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था।

राहुल गांधी बोले- मैं दिग्विजय के बयान से सहमत नहीं हूं

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक वाले बयान पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। राहुल गांधी ने मीडिया से कहा, मैं दिग्विजय सिंह के बयान से बिल्कुल सहमत नहीं हूं। यह पूरी तरह स्पष्ट है कि हम इससे असहमत हैं। यह कांग्रेस का आधिकारिक रुख है। उन्होंने कहा, हमारी आर्मी पर हमें पूरा भरोसा है अगर आर्मी कुछ करे तो उन्हें सबूत देने की जरूरत नहीं है। उनका बयान निजी है वो हमारा नहीं है।

क्या कहा था दिग्विजय ने …

जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक जनसभा में दिग्विजय ने कहा कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने पर सहमत नहीं हुई थी, जबकि CRPF ने इसके लिए अनुरोध किया था। पुलवामा में 2019 में हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। दिग्विजय ने कहा- वे सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं, लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं।

CM शिवराज बोले- कांग्रेस DNA में ही पाकिस्तान परस्ती

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) के सर्जिकल स्ट्राइक वाले बयान पर मप्र के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्‍होंने कहा कि वास्‍तव में कांग्रेस का DNA ही पाकिस्‍तान परस्‍ती का है। कभी सर्जिकल स्ट्राइक तो कभी राम के अस्तित्व तो कभी रामसेतु के सबूत मांगते हैं। राहुल गांधी जी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चलते हुए दिग्विजय सिंह जी फिर से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं। वे हमारी सेना का मनोबल गिरा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मैं तो राहुल गांधी जी से जवाब मांगता हूं कि यह कैसी भारत जोड़ो यात्रा है, टुकड़े टुकड़े गैंग आपके साथ चल रही है। सेना का मनोबल गिराया जा रहा है और राहुल गांधी भी सवाल उठा रहे हैं कि सेना कमजोर होगी…ये देशभक्ति नहीं है।

ये भी पढ़ें: CM शिवराज ने दिग्‍विजय के बयान पर किया पलटवार, कहा- कांग्रेस का DNA ही पाकिस्‍तान परस्‍ती का है, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

ये भी पढ़ें: सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठने के बाद दिग्विजय सिंह के बदले सुर, बोले- सुरक्षाबलों के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान

संबंधित खबरें...

Back to top button