
इंदौर। भारत जोड़़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के साथ इंदौर (Indore) पहुंचे राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने रविवार को राजबाड़ा में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने मंच से कहा कि यदि कांग्रेस सरकार आई तो अमेरिका में लॉजिस्टिक्स के मामले में शिकागो जो रोल प्ले करता है, भारत में वही रोल इंदौर प्ले करेगा।
जो चीन ने नहीं किया, वह GST और नोटबंदी ने किया
राजबाड़ा में राहुल ने कहा कि जो काम चीन की सेना नहीं कर सकती, वो काम जीएसटी और नोटबंदी ने भारत के लोगों के साथ किया। इनका लक्ष्य छोटे व्यापारियों को खत्म करना था। इस वजह से देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ी। ऐसी नीतियों ने देश को कमजोर कर दिया। उन्होंने कहा- हम बेरोजगारी और महंगाई की बात करते हैं, वो हमारा ध्यान मुद्दों से भटकाते हैं। राहुल ने कहा कि जो सरकार जनता ने चुनी, भाजपा ने उसमें से कुछ लोगों को जनता के पैसे से खरीद लिया और अपनी सरकार बना ली। यह भ्रष्टाचार नहीं तो क्या है।
महू से शाम को इंदौर पहुंचा कारवां
राहुल रविवार सुबह महू (MHOW) से इंदौर (Inodre) की ओर रवाना हुए थे। वे राऊ क्षेत्र से शहर में आए। उनका राऊ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, अन्य पार्टी नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। शाम के समय राहुल के साथ हजारों लोगों का कारवां इंदौर की व्यस्त सड़कों से होते हुए प्रसिद्ध राजबाड़ा पहुंचा। रास्ते में उनके स्वागत के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ भी दिखी। हालांकि, यहां पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के काफी सख्त इंतजाम किए थे। रविवार को मप्र में राहुल की भारत जोड़ो यात्रा का पांचवा दिन था। यहां के चमनबाग मैदान में वे कंटेनर में नाइट स्टे करेंगे। इसके बाद 4 दिसंबर तक उज्जैन और आगरमालवा जिले से होते हुए राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेंगे।