Puri Rath Yatra :जगन्नाथ रथ यात्रा में भगदड़, एक की मौत; 200 से ज्यादा श्रद्धालु घायल

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। 'पहंडी' रस्म के समय अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें शुरुआती जानकारी के अनुसार 200 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। वहीं, एक व्यक्ति की मौत की भी सूचना सामने आई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, हादसा ग्रैंड रोड पर मार्केट चौक और मरीचि कोर्ट चौक के बीच हुआ। यह स्थान बाहरी सुरक्षा घेरे से करीब 500 मीटर दूर बताया जा रहा है। 'पहंडी' रस्म के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। भीड़ बढ़ने से अफरातफरी मच गई और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
महिलाएं और बुजुर्ग भी हुए घायल
हादसे में घायल होने वालों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर राहत और बचाव दल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
क्या होती है 'पहंडी' की रस्म?
पुरी की प्रसिद्ध रथ यात्रा की शुरुआत 'पहंडी' रस्म से होती है। इस परंपरा में भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर से भव्य रथों तक ले जाया जाता है।
इस दौरान घंटियों, शंख और झांझ की गूंज के बीच सबसे पहले चक्रराज सुदर्शन को मंदिर से बाहर लाकर देवी सुभद्रा के दर्पदलन रथ पर विराजमान किया जाता है। इसके बाद अन्य देव विग्रहों को भी रथों पर स्थापित किया जाता है।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद प्रशासन ने मौके पर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और घायलों का इलाज जारी है।











