पुणे PG में खूनी लव ट्रायंगल, प्रेमिका के नए साथी पर 14 वार

पुणे के हिंजवड़ी इलाके में लव ट्रायंगल से जुड़ी एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूल के दिनों में शुरू हुआ एक प्रेम संबंध समय के साथ बदला, नया रिश्ता बना और आखिरकार मामला हत्या तक पहुंच गया। सात मंजिला पीजी में हुई इस घटना में एक युवक की लोहे की रॉड से बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
चार दिन पहले ही पीजी मैनेजर बना था सागर गायकवाड़
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मृतक की पहचान सागर गायकवाड़ के रूप में हुई है। वह हिंजवड़ी स्थित सात मंजिला पीजी में पिछले चार दिनों से मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था। बताया गया कि बुधवार रात एक युवती एक महीने के लिए इसी पीजी में रहने आई थी। उसने पीजी संचालकों को बताया था कि सागर उसका प्रेमी है। इसके बाद सागर ने उसे तीसरी मंजिल के कमरे नंबर 310 में ठहराया।
अगले दिन पीजी पहुंचा पुराना प्रेमी
घटना के अगले दिन दोपहर दिनेश महादेव झांबरे नाम का युवक पीजी पहुंचा। उसने कर्मचारियों से कहा कि उसे सागर से मिलना है और उसकी प्रेमिका इसी पीजी में रह रही है। कर्मचारियों ने उसे बताया कि सागर तीसरी मंजिल पर मौजूद है। इसके बाद दिनेश सीधे तीसरी मंजिल पर पहुंच गया। कुछ ही मिनटों बाद वहां से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं।
प्रेमिका के सामने लोहे की रॉड से लगातार करता रहा हमला
जब पीजी के कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सागर गायकवाड़ खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। आरोप है कि दिनेश उसके ऊपर लोहे की रॉड से लगातार हमला कर रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने सागर पर करीब 13 से 14 बार लोहे की रॉड से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बीच-बचाव की कोशिश कर रही युवती पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्कूल से शुरू हुआ था प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया है कि दिनेश महादेव झांबरे और घायल युवती एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बाद में दोनों बीसीए की पढ़ाई के लिए पुणे आए। इसी दौरान युवती की मुलाकात सागर गायकवाड़ से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से दिनेश नाराज था और इसी रंजिश में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घटना के दौरान पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे और पूरा हमला कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। यही फुटेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी या फिर यह अचानक हुए विवाद का नतीजा थी।
NEET-UG पेपर लीक में बड़ा खुलासा! CBI चार्जशीट में NTA से जुड़े एक्सपर्ट्स पर गंभीर आरोप
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
वारदात के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिनेश महादेव झांबरे को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस घायल युवती का बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसके बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की आगे की जांच की जाएगी। पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल लव ट्रायंगल को इस हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की अंतिम तस्वीर साफ हो सकेगी।












