भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल : राष्‍ट्रपति बोले- डॉक्टर भी मनुष्य होता है, उनसे भी गलती हो सकती है; CM शिवराज ने कहा- MP में बनेगा योग आयोग

भोपाल। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम से नवीन शहरी स्वास्थ्य संस्था भवनों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस मौके पर राज्‍यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह, सांसद प्रज्ञा ठाकुर व चिकित्‍सा शिक्षा मंत्री विश्‍वास सारंग मौजद रहे। राष्ट्रपति ने देश में बढ़ रही डॉक्टरों के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भी मनुष्य होता है, उनसे भी गलती हो सकती है।

ये भी पढ़ें: भोपाल: आरोग्य मंथन कार्यक्रम में राष्ट्रपति बोले- भारत से सस्ता इलाज कहीं नहीं…, सीएम शिवराज ने कही ये बात

डॉक्टर भी मनुष्य होता है : राष्ट्रपति

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डॉक्टरों चिंता जताते हुए कहा कि कोई पीड़ा में होता है तो सबसे पहले भगवान का नाम निकलता है, और उसके सामने चिकित्सक पैरामेडिकल कर्मी प्रकट होता है। मनुष्य जीवन की रक्षा के लिए डॉक्टर को कई काम करने होते हैं। काम का बोझ रहता है फिर भी वे पूरा प्रयास करते हैं लेकिन डॉक्टर भी मनुष्य होते हैं। उससे भी गलती हो सकती है। मरीजों और उनके परिजनों को यह सोचना चाहिए।

रतलाम की डॉक्टर को मिला पद्मश्री

राष्ट्रपति ने कहा कि बीते कई वर्षों में पद्म पुरस्कार देते समय कई ऐसे उदाहरण आए, जिनमें डॉक्टर विदेश में बसने के बजाए देश में ही आदिवासी क्षेत्र में काम कर रहे हैं। पिछले वर्ष नवंबर में डॉ. लीला जोशी को चिकित्सा क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित करने का मौका मिला था। वे रतलाम जिले के आदिवासी क्षेत्र में महिलाओं में एनीमिया को कम करने का काम कर रहीं हैं।

भारत में इलाज बहुत सस्ता है : राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोपीय देशों की तुलना में भारत में इलाज बहुत सस्ता है। इसलिए विदेशी से भी यहां इलाज के लिए लोग आते हैं। इसलिए इंडिया को कभी-कभी मेडिकल टूरिस्ट हब भी कहा जाता है। यदि चिकित्सा सुविधाएं बढ़ेंगी और उन्नत चिकित्सा केंद्र खुलेंगे तो देश के लोगों को लाभ तो होगा ही, साथ ही मेडिकल टूरिज्म के बढ़ने से विदेशी मुद्रा का लाभ भी होगा।


मप्र में बनेगा योग आयोग : सीएम

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि संपूर्ण स्वास्थ्य हमारा लक्ष्य है। हम मप्र में ‘योग आयोग’ का गठन कर रहे हैं। सरकारी स्कूलों में भी योग की शिक्षा देंगे। योग प्राणायाम और ध्यान यह हमारे शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। मध्य प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में अब 5वें नंबर पर पहुंच गया है। हम प्राकृतिक खेती की तरफ भी बढ़ रहे हैं ताकि फल, सब्जी और अन्न बिना कीटनाशक के मिल सके।

2.70 करोड़ से ज्यादा कार्ड बन चुके हैं : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा कि​हम चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करते आ रहे हैं। हमने पहले सागर में मेडिकल कॉलेज खोला, फिर 13 नए मेडिकल कॉलेज खोले, अब तीन और नए मेडिकल कॉलेज हम खोलने वाले हैं। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश में 2 करोड़ 70 लाख से ज्यादा कार्ड बन चुके हैं। गंभीर बीमारी होने पर गरीब को कोई परेशानी ना हो इसलिए 5 लाख रुपए तक का इलाज फ्री में उपलब्ध कराने का काम हुआ है।

लोगों को जांच के लिए प्रेरित करें युवा : राज्‍यपाल

राज्‍यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत प्रगति हुई है। दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना संचालित हो रही है। पीएम जन औषधि जैसी योजना में गरीब और मध्यम वर्ग को उपचार में राहत मिली है। प्रदेश के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर विशेष चिकित्सकीय टेलीमेडिसन सुविधा उपलब्ध है। मध्यप्रदेश की कुल जनसंख्या में 21 प्रतिशत अनुसूचित जन​जाति की जनसंख्या है। ​15 नवंबर 2021 को सिकल सेल एनीमिया की रोकथाम का मिशन शुरू किया गया है। युवाओं से मैं अपील करता हूं कि जन​जाति क्षेत्र में जाकर उन्हें सिकल सेल की जांच करवाने हेतु प्रेरित करें ताकि हम जल्दी ही इस पर नियंत्रण पा सकते हैं।

राष्ट्रपति ने इनका किया भूमिपूजन और लोकार्पण

154 करोड़ 78 लाख की 8 शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं के नए निर्माण भूमिजन किया।
84 करोड़ 94 लाख की लागत से 215 बिस्तरों के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन ऑर्थोपेडिक्स
72 करोड़ 3 लाख की लागत से 4 शहरी स्वास्थ्य संस्थाओं के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण।
55 करोड़ 63 लाख के 215 बेड के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ रेस्पिरेटरी डिसीज
32 करोड़ 34 लाख की लागत से हमीदिया अस्पताल का अधीक्षक कार्यालय ड्रग स्टोर का भूमिपूजन किया।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button