ताजा खबरराष्ट्रीय

राष्ट्रपति मुर्मू ने सुखोई फाइटर जेट से भरी उड़ान, असम के तेजपुर एयरबेस से किया टेक-ऑफ; ऐसा करने वाली दूसरी महिला प्रेसिडेंट

गुवाहाटी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को सुखोई 30 MKI फाइटर जेट से उड़ान भरी। असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से राष्ट्रपति ने यह उड़ान भरी। राष्ट्रपति फ्लाइंग सूट में नजर आईं। मुर्मू से पहले देश की 12वीं राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने 2009 में सुखोई में उड़ान भरी थी। सुखोई 30 MKI भारतीय वायुसेना के सबसे सक्षम लड़ाकू विमानों में से एक है। बता दें कि, तेजपुर एयरफोर्स बेस भारत की चार देशों से सुरक्षा करता है- चीन, म्यांमार, बांग्लादेश और भूटान।

ऐसा करने वालीं दूसरी महिला प्रेसिडेंट बनीं मुर्मू

डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रपति रहने के दौरान 8 जून 2006 में सुखोई से उड़ान भर चुके हैं। वे ऐसा करने वाले देश के पहले राष्ट्रपति थे। उनके बाद प्रतिभा पाटिल ने सुखोई से उड़ान भरी थी। वहीं द्रौपदी मुर्मू ऐसा करने वाली दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी इसमें उड़ान भर चुके हैं।

सुखोई 30 MKI उड़ाने के बाद राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने सेना की वर्दी पहन कर टी 90 युद्धक टैंक की सवारी भी की थी।

सुखोई-30 की खासियत

  • सुखोई Su-30MKI की लंबाई 72 फीट, विंगस्पैन 48.3 फीट और ऊंचाई 20.10 फीट है। इसका वजन 18,400 KG है।
  • सुखोई-30एमकेआई में 30mm की एक ग्रिजेव-शिपुनोव ऑटोकैनन लगी है। जो एक मिनट में 150 राउंड फायर करती है।
  • सुखोई में लीयुल्का एल-31एफपी आफ्टरबर्निंग टर्बोफैन इंजन लगे हैं, जो उसे 123 किलोन्यूटन की ताकत देता है।
  • इसमें 12 हार्ड प्वाइंट्स लगे हैं। यानी वो जगह जहां पर हथियार लगाया जाता है।
  • यह 2120 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से उड़ता है। इसकी कॉम्बैट रेंज 3000 किलोमीटर है। बीच रास्ते में ईंधन मिल जाए तो यह 8000 किलोमीटर तक जा सकता है।

तीन दिवसीय असम दौरे पर हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय (छह से आठ अप्रैल तक) असम दौरे पर हैं। शनिवार (8 अप्रैल) को उनके असम दौरे का आखिरी दिन है। इससे पहले 7 अप्रैल को राष्ट्रपति मुर्मु ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में गज उत्सव-2023 का उद्घाटन किया था। जिसके बाद गुवाहाटी में माउंट कंचनजंगा अभियान-2023 को झंडी दिखाकर रवाना किया।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button