ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

व्हाइट स्टॉर्क : सफेद पंख और लाल चोंच, उड़ान में अद्भुत ये प्रवासी पक्षी 23 साल बाद आया भोपाल में नजर

भोपाल। सारस परिवार से नाता रखने वाला व्हाइट स्टॉर्क 23 साल बाद भोपाल में नजर आया है। ये विशाल पक्षी भोपाल और आस-पास के इलाके में 2001 के बाद से दिखना बंद हो गया था। यह अपने विशाल सफेद पंख, लाल चोंच और तेज उड़ान के लिए जाना जाता है। अगर इसकी विशेषताओं को बात करें तो इसके सफेद पंखों पर काला रंग होता है, जो इसे स्टॉर्क की उन प्रजातियों से अलग करता है, जो अमूमन भोपाल के दलदली इलाकों में प्रवास के दौरान नजर आते हैं। इसके साथ ही इस स्टॉर्क के लंबे लाल पैर होते हैं और इनके पंखों का फैलाव 3 मीटर तक होता है।

2001 के बाद अब दिखा व्हाइट स्टॉर्क

व्हाइट स्टॉर्क मूल रूप से यूरोप, उत्तर-पश्चिमी अफ्रीका, दक्षिण-पश्चिम एशिया और दक्षिणी अफ्रीका में प्रजनन करते हैं और सर्दियों के समय अफ्रीका या भारतीय उपमहाद्वीप में जाते हैं। इन पक्षियों की एक खास बात ये है कि ये बेहद मजबूत घोंसले बनाते हैं, जिनका उपयोग कई सालों तक किया जाता है। मूल रूप से मांसाहारी ये प्रवासी पक्षी छोटे जानवरों, कीड़े और मछलियों का शिकार करते हैं और अक्सर बड़े समूहों में रहते हैं।

वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर मनीष शुक्ला के मुताबिक हथाईखेड़ा डैम के पास इनका एक जोड़ा फिलहाल विचरण कर रहा है। वन विहार भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार 2001 के बाद से व्हाइट स्टॉर्क भोपाल में नहीं देखा गया है। आम तौर पर ये पक्षी भारत के गुजरात और महाराष्ट्र के अलाव देश के पूर्वोत्तर राज्यों में प्रवास के दौरान जाते हैं।

ये भी पढ़ें- इंदौर : जानापाव पहाड़ी पर दिखा तेंदुआ, राहगीरों ने बनाया VIDEO; वन विभाग ने कहा- पानी की तलाश में आया होगा

संबंधित खबरें...

Back to top button