राष्ट्रीय

PM मोदी आज करेंगे सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन, राजपथ का बदल जाएगा नाम; जानें मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी आज शाम 7 बजे इंडिया गेट के पीछे बनी छतरी के नीचे लगाई गई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। पीएम मोदी राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक 3 किलोमीटर लंबे कर्तव्य पथ का उद्घाटन करेंगे। वहीं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आस-पास के कई मार्ग शाम 6 से रात 9 बजे तक बंद रहेंगे।

पीएम मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

7:00 PM – नेताजी सुबाष चंद्र बोस की मूर्ति का अनावरण
7:10 PM – इंडिया गेट पहुंचेंगे पीएम
7:25 PM – श्रमजीवियों से संवाद
7:30 PM – कर्तव्य पथ का उद्घाटन
7:40 PM – मंच पर पहुंचेंगे पीएम
8:02 PM – पीएम मोदी का संबोधन

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा

पीएम मोदी इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फुट ऊंची प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। ग्रेनाइट पत्थर से बनी ये मूर्ति देश के सबसे बड़े मोनोलिथ (यानी एक ही पत्थर को तराश कर बनाई गई प्रतिमा) में से एक होगी। इस प्रतिमा का वजन 65 मीट्रिक टन है। इसे उसी स्थान पर स्थापित किया जा रहा है, जहां बीते 23 जनवरी पराक्रम दिवस पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया गया था।

इससे पहले सरकार इंडिया गेट के नीचे जलने वाली ‘अमर जवान ज्योति’ का विलय राष्ट्रीय समर स्मारक (National War Memorial) में कर चुकी है।

‘राजपथ’ अब ‘कर्तव्य पथ’

बीते 61 साल में कई पीढ़ियां जो ‘राजपथ’ से गुजर चुकी हैं, नई पीढ़ी अब उसी सड़क को ‘कर्तव्य पथ’ नाम से जानेगी। दरअसल, दिल्ली के ऐतिहासिक राजपथ और सेंट्रल विस्टा लॉन का रीडेवलपमेंट किया गया है। दुनिया को भारत के गणतंत्र की ताकत दिखाने वाली इस सड़क का नाम बदल कर ‘कर्तव्य पथ’ कर दिया गया है। इससे पहले 1961 में इस सड़क का नाम अंग्रेजों के दौर से चले आ रहे King’s Way से बदलकर ‘राजपथ’ किया गया था।

20,000 करोड़ रुपए की लागत से बना

केंद्र सरकार ने कोरोना काल के बीच में लगभग 20,000 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। इसके तहत नए संसद भवन के अलावा राष्ट्रपति भवन से लेकर इंडिया गेट तक जाने वाली तीन किलोमीटर लंबी सड़क पर देश की नई राजधानी का निर्माण होना है। इसमें केन्द्र सरकार का नया सचिवालय, मंत्रालयों के दफ्तर और कई सरकारी आवास बनाए जाने हैं।

  • 19 एकड़ में फैले नहर के इलाके को पुनर्विकसित किया गया है। पैदल यात्रियों के लिए इस पर 16 पुल बनाए गए हैं। कृषि भवन और वाणिज्य भवन के पास बोटिंग कर सकेंगे।
  • 74 ऐतिहासिक लाइट पोल्स और चेन लिंक्स को रिस्टोर किया गया है। साथ ही 900 से ज्यादा नए लाइट पोल्स भी लगाए गए हैं।
    यहां पर पार्किंग लॉट बनाया गया है। इसमें 1,125 गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी। इसके अलावा इंडिया के पास भी पार्किंग के लिए स्पेस है, जहां 35 बसें खड़ी होंगी।
  • सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में 3.90 लाख वर्ग मीटर का ग्रीन एरिया है। लोगों के टहलने के लिए 15.5 किमी लंबा रास्ता तैयार किया गया है। इस पर रेड ग्रेनाइट लगा हुआ है।
  • पूरा इलाका सीसीटीवी की जद में है। वहीं, करीब 80 सुरक्षा कर्मी हर वक्त तैनात रहेंगे।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button